केन्द्रीय बजट 2026-27 युवा, महिला और किसान को समर्पित, राजस्थान को मिलेगा विकास का नया संबल : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
अन्य खबरे Feb 01, 2026 at 04:35 PM , 130जयपुर, 01 फरवरी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने केन्द्रीय बजट 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट युवा, महिला, किसान, वंचित, गरीब और आम आदमी को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट तेज आर्थिक विकास, जनआकांक्षाओं की पूर्ति और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को सशक्त रूप से आगे बढ़ाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट राजस्थान को विकास की मुख्यधारा में और अधिक मजबूती से जोड़ने वाला है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ते हुए तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में निर्णायक कदम उठा रहा है।
श्री शर्मा ने कहा कि वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट यह दर्शाता है कि देश 7 प्रतिशत की विकास दर के साथ पाथ-ब्रेकिंग रिफॉर्म्स के मार्ग पर सशक्त प्रदर्शन कर रहा है। युवाओं को समर्पित इस बजट में रोजगार सृजन, स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रावधान किए गए हैं। वहीं महिलाओं के लिए ‘शी-मार्ट’ तथा प्रत्येक जिले में बालिका छात्रावास जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।
उन्होंने कहा कि कैंसर की 17 दवाइयों पर कस्टम ड्यूटी में छूट देकर स्वास्थ्य क्षेत्र को राहत दी गई है। साथ ही, लघु एवं मध्यम उद्योगों, उत्पादकों, कारीगरों और श्रमिकों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में ठोस पहल की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में प्रदेश में सेमीकंडक्टर नीति और डेटा सेंटर नीति लागू की गई है। बजट में 40 हजार करोड़ रुपये के ‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0’ की घोषणा से राजस्थान को भी बड़ा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही डेटा सेंटर और क्लाउड सर्विसेज को दिए गए इंसेंटिव से राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि मेगा टेक्सटाइल पार्क, 200 इंडस्ट्रियल क्लस्टर्स तथा सोलर और माइनिंग सेक्टर से जुड़ी घोषणाएं राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई गति देंगी।
श्री शर्मा ने बताया कि वी बी-जी राम जी योजना के तहत नरेगा की तुलना में बजट आवंटन 86 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 95 हजार 692 करोड़ रुपये किया गया है, जिससे राजस्थान को अतिरिक्त संसाधन प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि पशुपालन राज्य की अर्थव्यवस्था का अहम स्तंभ है और बजट में दी गई लोन लिंक्ड कैपिटल इन्वेस्टमेंट सब्सिडी स्कीम से पशुपालकों को व्यापक लाभ मिलेगा।



























Comments