स्वच्छ राजस्थान के ब्रांड एंबेसडर बने के.के. गुप्ता, सभी जिला कलेक्टरों को जारी हुए निर्देश
अन्य खबरे Feb 01, 2026 at 01:44 PM , 177नई दिल्ली/जयपुर।
राज्य सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष डूंगरपुर एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के राज्य समन्वयक श्री के.के. गुप्ता को राजस्थान का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर इस संबंध में राज्य सरकार के स्थानीय स्वशासन विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री रवि जैन द्वारा प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी किया गया है।
नवीन दायित्व के अंतर्गत श्री के.के. गुप्ता प्रदेश के सभी जिलों एवं नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता जन-जागरूकता अभियानों को सुदृढ़ करने के लिए कार्य करेंगे। पत्र में सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वे जिला स्तर तथा प्रदेश की सभी नगरीय निकायों में प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करें तथा श्री गुप्ता की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित करें।
इसके साथ ही कलेक्टरों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने हेतु श्री गुप्ता द्वारा दिए गए निर्देशों एवं कार्यों की अनुपालन रिपोर्ट सात दिवस के भीतर स्थानीय स्वशासन विभाग को प्रेषित करें। इन बैठकों में महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों एवं पार्षदों को आमंत्रित करने तथा डूंगरपुर मॉडल पर प्रस्तुतिकरण देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार द्वारा श्री के.के. गुप्ता को उनके आधिकारिक दौरों के दौरान प्रदेश के सभी राज्य अतिथि गृहों में ए-1 श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध कराने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि श्री के.के. गुप्ता अपने चर्चित “डूंगरपुर मॉडल” के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में डूंगरपुर जिला स्वच्छता सर्वेक्षणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का पहला खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) शहर बना। उनके कार्यों के कारण डूंगरपुर ने न केवल प्रदेश बल्कि देश और विदेश में भी विशिष्ट पहचान बनाई।
उल्लेखनीय है कि श्री के.के. गुप्ता इससे पूर्व भी दो बार राज्य सरकार के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर रह चुके हैं। उन्हें उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त, उन्हें विभिन्न विदेशी सरकारों एवं संस्थानों द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।



























Comments