जनभवन में तीन दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी की जाएगी आयोजित
जनपत की खबर Jan 31, 2026 at 06:52 PM , 145प्रदर्शनी हेतु विभिन्न उद्यानों एवं गृहवाटिकाओं की जजिंग प्रक्रिया प्रारम्भ
लखनऊ, 31 जनवरी 2026
जनभवन प्रांगण, लखनऊ में आयोजित की जा रही 6 से 8 फरवरी तक तीन दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी–2026 के अंतर्गत विभिन्न वर्गों के उद्यानों एवं गृहवाटिकाओं की प्रतियोगिता हेतु जजिंग कार्य का शुभारम्भ 31 जनवरी 2026 को किया गया, जो 01 फरवरी 2026 तक जारी रहेगा।
निदेशक उद्यान श्री बीपी राम ने बताया कि इस वर्ष जनपद लखनऊ से विभिन्न श्रेणियों में कुल 243 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई हैं। प्रतियोगिता में शासकीय, अर्धशासकीय, संस्थागत एवं व्यक्तिगत स्तर पर विकसित उद्यानों और गृहवाटिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की है।
प्रदर्शनी के अंतर्गत उद्यान विभाग, भारतीय सेना, रेलवे, पीएसी मुख्यालय, मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, नगर निगम, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास एवं विकास परिषद, एसजीपीजीआई, आरडीएसओ, आईआरटीएम, जन भवन सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों के उद्यानों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही व्यक्तिगत उद्यान प्रेमियों द्वारा विकसित गृहवाटिकाओं ने भी प्रतियोगिता में विशेष आकर्षण उत्पन्न किया है।
इसके अतिरिक्त, शहर के ऐतिहासिक एवं विरासत स्थलों जैसे बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा, सहादत अली ख़ां का मकबरा आदि के उद्यानों को भी प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में सम्मिलित किया गया है, जिससे प्रदर्शनी को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गरिमा प्राप्त हुई है।
प्रतियोगिता में प्राप्त सभी प्रविष्टियों का मूल्यांकन भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश के औद्यानिकी से संबंधित प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों, साथ ही प्रदेश उद्यान विभाग में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त विषय विशेषज्ञों से गठित निर्णायक मंडलों द्वारा किया जा रहा है। जजिंग के दौरान पौधों की गुणवत्ता, सौंदर्य, नवाचार, रख-रखाव एवं पर्यावरणीय संतुलन जैसे मापदंडों को विशेष रूप से ध्यान में रखा जा रहा है।
































Comments