‘परीक्षा पर चर्चा 2026’ को लेकर शिक्षा विभाग सक्रिय, कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों का होगा ऑनलाइन पंजीकरण

जनपत की खबर , 127

लखनऊ।  प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित किए जाने वाले ‘परीक्षा पर चर्चा 2026’ कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, लखनऊ द्वारा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार, परीक्षा पर चर्चा का 9वां संस्करण जनवरी 2026 में प्रस्तावित है, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 1 दिसंबर 2025 से 11 जनवरी 2026 तक विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा।
पंजीकरण एवं चयन प्रक्रिया के तहत https://innovateindia1.mygov.in/ पोर्टल पर एक ऑनलाइन बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। चयनित प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। इसके अंतर्गत विद्यालयों में भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए बैनर, पोस्टर, इन्फोग्राफिक्स एवं क्यूआर कोड का उपयोग किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर #PPC2026 हैशटैग के माध्यम से प्रचार करने और विद्यालय स्तर पर स्वयं के पोस्टर, वीडियो व क्रिएटिव सामग्री साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, स्थानीय एफएम चैनलों, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा यूट्यूब चैनलों के माध्यम से भी कार्यक्रम का प्रचार सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित सभी विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि ‘परीक्षा पर चर्चा 2026’ कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top