मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में निर्माणाधीन बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार 4-लेन सड़क के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया
अन्य खबरे Nov 17, 2025 at 09:15 PM , 186गुणवत्ता के साथ मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लायी जाए : मुख्यमंत्री
4-लेन सड़क के किनारे बन रहे नाले की लेवलिंग का ध्यान रखा जाए, ताकि सड़क के साथ-साथ आसपास के गाँवों का पानी आसानी से निकल जाए
लखनऊ : 17 नवम्बर, 2025
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद गोरखपुर में निर्माणाधीन बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार 4-लेन सड़क के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 4-लेन सड़क और इसके आसपास के गाँवों की आबादी की जल-निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 4-लेन सड़क के किनारे बन रहे नाले की लेवलिंग का ध्यान रखा जाए, ताकि सड़क के साथ-साथ आसपास के गाँवों का पानी आसानी से निकल जाए।
मुख्यमंत्री जी ने 4-लेन सड़क के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ-साथ अधिकारियों से इसकी अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने 04 स्थानों पर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 4-लेन की इस सड़क परियोजना के ड्रॉइंग मैप का भी अवलोकन किया और अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया कि इस 4-लेन सड़क का निर्माण अगस्त, 2026 तक पूरा किया जाना है। मुख्यमंत्री जी ने जून, 2026 तक लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लायी जाए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 4-लेन के समानान्तर कुल दूरी में से 07 कि0मी0 तक नाला भी बना लिया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने नाले के लेवल को, सड़क के पानी और आसपास के गाँवों के पानी की निकासी योग्य बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 4-लेन सड़क के लिए अधिग्रहित जमीनों के सापेक्ष मुआवजा वितरण के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि लगभग सभी लोगों को मुआवजा दिया जा चुका है। मुख्यमंत्री जी ने रजिस्ट्री की भी अद्यतन जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि 838.05 करोड़ रुपये की लागत वाली इस 4-लेन सड़क का निर्माण इसी वर्ष माह फरवरी में शुरू हुआ था और अगस्त 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है। कुल 16.15 कि0मी0 की लम्बाई वाली बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार 4-लेन सड़क का निर्माण कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग खण्ड-तीन द्वारा कराया जा रहा है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
----------



























Comments