आईटीआई प्रवेश सत्र 2025-26 का प्रथम चयन परिणाम घोषित, 2 से 8 जुलाई तक होगा प्रवेश
अन्य खबरे Jul 01, 2025 at 06:42 PM , 202वेबसाइट और एसएमएस के माध्यम से दी जा रही है सूचना
लखनऊ, 1 जुलाई 2025
प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2025 (छः माह), सत्र 2025-26 (एक वर्षीय) एवं सत्र 2025-27 (दो वर्षीय) पाठ्यक्रमों हेतु प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है।
मंत्री अग्रवाल ने बताया कि प्रथम चरण के लिए प्रवेश तिथि 2 जुलाई से 8 जुलाई 2025 तक (अवकाश सहित) निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने चयन की स्थिति की जानकारी http://www.scvtup.in अथवा http://www.upvesd.gov.in/dte वेबसाइट पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा को अधिकाधिक युवाओं तक पहुंचाना और उन्हें कौशलयुक्त बनाकर रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। संपूर्ण प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और सुगम बनाया गया है, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विशेष सचिव, व्यावसायिक शिक्षा एवं अधिशासी निदेशक, एससीवीटी अभिषेक सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी वेबसाइट पर पंजीकरण संख्या एवं जन्मतिथि दर्ज कर बुलावा पत्र प्राप्त कर सकते हैं। चयन की स्थिति में बुलावा पत्र प्रदर्शित होगा, जिसे डाउनलोड कर संस्थान में प्रवेश लिया जा सकता है। चयनित अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस द्वारा भी सूचना दी जा रही है। चयन न होने की स्थिति में अभ्यर्थी को उसकी रैंक दिखाई जाएगी एवं वह अगले चरण की प्रतीक्षा कर सकेगा।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रवेश के समय बुलावा पत्र की प्रति, समस्त मूल प्रमाण-पत्र, उनकी एक-एक सत्यापित प्रति, आवेदन पत्र की प्रति और दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ संबंधित आईटीआई संस्थान के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बुलावा पत्र में अंकित जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थियों को FREEZE (स्थिर) या FLOAT (विकल्प खुला रखने) में से एक विकल्प का चयन कर प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी, ताकि आगे की अपग्रेडेशन प्रक्रिया में भी भाग ले सकें।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्प डेस्क 0522-4150500, 7897992063, दूरभाष 0522-2336115, व्हाट्सएप 9628372929 अथवा ईमेल help@admissionscvtup.in के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।



























Comments