महर्षि वाल्मीकि प्राकट्योत्सव का पोस्टर विमोचित, 26 अक्टूबर को लखनऊ में होगा भव्य समारोह

अन्य खबरे , 19

**भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया पोस्टर का विमोचन, महर्षि वाल्मीकि के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान**
 
**लखनऊ, 18 अक्टूबर।** आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जी के प्राकट्योत्सव के अवसर पर आगामी 26 अक्टूबर को राजधानी लखनऊ में आयोजित होने वाले भव्य समारोह के आधिकारिक पोस्टर का रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में विमोचन किया गया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पोस्टर का विमोचन करते हुए समारोह की तैयारियों में जुटने और महर्षि वाल्मीकि के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
 
पंकज चौधरी ने कहा कि आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जी के विचारों, ज्ञान और आदर्शों के प्रकाश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से सभी को आयोजन की तैयारियों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से मर्यादा, धर्म, कर्तव्य, करुणा और आदर्श जीवन के शाश्वत संदेशों को समाज तक पहुंचाया।
 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि प्राकट्योत्सव भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने लोगों से समारोह में सहभागिता करने और आदि कवि महर्षि वाल्मीकि के विचारों को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने का संकल्प लेने की अपील की।
 
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ. राहुल कुमार वाल्मीकि, मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला, मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह तथा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक हिमांशु दुबे उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top