होली पर्व और रमजान महीने का जुमा एक साथ पड़ने से यूपी में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए

जनपत की खबर , 361

अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी: डीजीपी 

राजधानी में होली पर्व पर विशेष तैयारियां, भव्य जुलूस के साथ रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन 

होली पर हुड़दंग करनें वालों की नहीं खैर, सख्ती से निपटनें के पुख्ता  इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का सख्त पहरा 

ए के दुबे
लखनऊ। होली पर्व एवं रमजान पर यूपी के वाराणसी, अयोध्या, मथुरा, कानपुर, मेरठ, बरेली, मुजफ्फरनगर और मुरादाबाद समेत 25 संवेदनशील जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। धार्मिक स्थलों, मस्जिदों और होली जुलूस के मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। होली पर्व और रमजान के महीने का जुमा एक साथ पड़ने से यूपी में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यूपी पुलिस हाई अलर्ट पर है। संवेदनशील जिलों में पीएसी की 60 कंपनियों को तैनात किया गया है, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
बता दे, यूपी पुलिस ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट को रोका जा सके। फर्जी खबरें फैलाने वालों पर साइबर सेल नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए इमरजेंसी मेडिकल टीम और एंबुलेंस सेवाएं स्टैंडबाय पर रखी गई हैं। बाजारों, प्रमुख चौक-चौराहों और होली जुलूस के रूटों पर पुलिस द्वारा संयुक्त गश्त की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
यूपी के डीजीपी प्रशांत कुमार ने सभी जिलों को कड़े निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिस और प्रशासन को तत्परता और सतर्कता के साथ ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के आदेश दिए गए हैं। सरकार और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यूपी पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है ताकि होली और जुमा का यह खास दिन शांति और उल्लास के साथ मनाया जा सके।


होली पर्व पर राजधानी में विशेष तैयारियां, भव्य जुलूस के साथ रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तुत 
राजधानी में होली पर्व  सदियों से सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक समरसता का प्रतीक रहा है। इस वर्ष 14 मार्च 2025 को मनाए जाने वाले इस रंगारंग उत्सव के लिए शहर में विशेष तैयारियां की गई हैं, जो परंपरा, नवाचार और सामुदायिक सहयोग का अनोखा प्रस्तुत करती हैं। 
बता दें चौक क्षेत्र में आयोजित होने वाली होरियारों की बारात लखनऊ की होली का प्रमुख आकर्षण है। पारंपरिक रूप से यह बारात सुबह 10 बजे कोनेश्वर मंदिर चौराहे से प्रारंभ होकर मुन्नूलाल धर्मशाला पर समाप्त होती थी। हालांकि, इस वर्ष मुस्लिम समुदाय के जुमे की नमाज को ध्यान में रखते हुए, बारात के समय में परिवर्तन किया गया है। अब यह बारात सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 1 बजे तक समाप्त होगी, ताकि मुस्लिम भाई 2 बजे जुमे की नमाज अदा कर सकें। यह परिवर्तन सामुदायिक समन्वय और धार्मिक सद्भाव का उत्कृष्ट उदाहरण है।
अमीनाबाद होली महोत्सव समिति इस वर्ष झांकी सजावट प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। प्रकाश कुल्फी के सामने वाली सड़क पर दो झांकियां सजाई जाएंगी, जबकि नजीराबाद और बाटा चौराहों पर भी झांकियों का प्रदर्शन होगा। समिति के अध्यक्ष मनीष चौधरी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करना और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखना है। आयोजन में समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बच्चे लाल, महासचिव दर्शन सोनकर, संजय सोनकर, अरविंद सोनकर, सौरभ सोनकर, महामंत्री दीपक सोनकर उर्फ शैलू आदि सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। श्री शुभ संस्कार समिति द्वारा आयोजित चौपटिया से निकलने वाला होली जुलूस इस वर्ष अपना 51वां वर्ष पूरा कर रहा है। इस अवसर पर समिति ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पेड़ों के जलाभिषेक का संकल्प लिया है। समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि जुलूस 14 मार्च को कक्कड़ पार्क से सुबह 9 बजे शुरू होगा और 12 बजे तक समाप्त होगा। महामंत्री रिद्धि किशोर ने बताया कि इस वर्ष से हर सोमवार को समिति द्वारा 21 पेड़ों का जलाभिषेक किया जाएगा, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
श्री खाटू श्याम मंदिर में इस वर्ष दस कुंतल हर्बल गुलाल और तीन कुंतल फूलों का उपयोग करके रंगोत्सव मनाया जाएगा। 14 मार्च को सुबह 6 बजे से प्रारंभ होने वाले इस उत्सव में वृंदावन धाम की तर्ज पर फूलों की होली खेली जाएगी। महामंत्री रुपेश अग्रवाल ने बताया कि सभी भक्तों को प्रसाद रूप में गुझिया और ठंडाई वितरित की जाएगी, जिससे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आनंद का समागम होगा। श्री अध्यात्म ज्योतिष शोध संस्थान के ज्योतिषाचार्य पं. अखिलेश चन्द्र शास्त्री के अनुसार, इस वर्ष होलिका दहन 13 मार्च को रात्रि 11:26 से 12:30 बजे के बीच किया जाएगा। होलिका दहन का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है, जो बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इस दिन भक्तगण भगवान कृष्ण और राधा रानी की आराधना भी करते हैं, जिससे आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है।
पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ने से  हर्बल और प्राकृतिक रंगों का उपयोग लोग कर रहे हैं, जिससे त्वचा और पर्यावरण दोनों सुरक्षित रहें। तकनीक के बढ़ते उपयोग के कारण, वर्चुअल होली पार्टियों का आयोजन किया जा रहा है, जहां लोग ऑनलाइन माध्यम से एक-दूसरे के साथ होली का आनंद ले रहे हैं। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग योग, ध्यान और आयुर्वेदिक तरीकों को होली उत्सव में शामिल कर रहे हैं, जिससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा मिल सके। इस वर्ष का होली महोत्सव परंपरा, नवाचार और सामुदायिक समन्वय का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करता है। लोगों की सहभागिता और विभिन्न आयोजनों के माध्यम से यह उत्सव सामाजिक एकता, सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को प्रबलित करता है। हम सभी मिलकर इस रंगों के पर्व को हर्षोल्लास, सद्भाव और सुरक्षा के साथ मनाएं।
बांक्स
होली पर हुड़दंग करनें वाले सावधान, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का सख्त पहरा 
होली पर हुड़दंग करने वालों की नहीं खैर, पुलिस सख्ती से निपटनें को तैयार हैं। पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने व्यवस्था चाक चौबंद करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद से ही लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों ने गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। और लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की गई। वहीं होली के दिन ही जुम्मे की नमाज भी होनी है। इसे देखते हुए अतिरिक्त सर्तकता बरती जा रही है। धर्मगुरुओं के साथ हुई बैठक के बाद नमाज का समय दो बजे सुनिश्चित हुआ है।
राजधानी के जेसीपी कानून एवं व्यवस्था अमित वर्मा ने बताया कि इस बार होली और रमजान का दूसरा जुम्मा एक साथ है। इसे देखते हुए दोनों ही धर्मनुयायियों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठक कर संभ्रांत व्यक्तियों से त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए कहा गया। जेसीपी ने बताया कि बुधवार को शहर के सभी थाना क्षेत्रों में रूट मार्च किया गया। प्रमुख बाजारों में भी अतिरिक्त फोर्स तैनात रही। जेसीपी ने कहा कि विशेष तौर से पश्चिम लखनऊ में सर्तकता बरती जा रही है। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई। शहर में लगभग 3600 जगहों पर होलिका दहन होगा। सुरक्षा के लिए पांच हजार पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। पुराने लखनऊ को सुरक्षा के लिहाज से 37 सेक्टरों में बांटा गया था। 61 संवेदनशील स्थल चिन्हित किए गए थे। होली पर कई जुलूस और शोभा यात्रा निकलती है। इन समितियों के कर्ताधर्ताओं से संवाद पुलिस ने स्थापित किया है। जेसीपी ने बताया कि पुलिस कर्मियों के साथ 75 राजपत्रित अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं 15 कम्पनी पीएसी के साथ आरएएफ, पिंक पेट्रोल, एंटी रोमियो स्कवाड, घुड़सवार पुलिस और 112 की टीमें भी अलर्ट पर रहेंगी। टीले वाली मस्जिद, बिल्लौचपुर स्थित दो मस्जिदों में, मदेयगंज मसालची टोला मस्जिद, नादान महल रोड जामा मस्जिद, बुलाकी अड्डा स्थित मस्जिद
ऐशबाग ईदगाह मस्जिद, आदि पर जुमे की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top