बाढ़ग्रस्त जनपदों में निराश्रित गोवंश के संरक्षण का कार्य प्राथमिकता पर होना चाहिए

अन्य खबरे , 202

गोशालाओं में मृत गोवंश के शव का तत्काल निस्तारण होना चाहिए

 

टीकाकरण में कम प्रगति वाले जनपदों के अधिकारी के विरूद्ध होगी सख्त कार्रवाई

 

सभी गौशालाओं में होगा वृक्षारोपण 

 

-श्री धर्मपाल सिंह

 

उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि बाढ़ग्रस्त जनपदों में निराश्रित गोवंश के संरक्षण का कार्य प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाये। बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से गोवंश के बचाव हेतु गोशालाओं की समुचित व्यवस्था की जाये। गोशालाओं में मृत गोवंश के शव का तत्काल समुचित निस्तारण होना चाहिए, ताकि अन्य गोवंश में कोई संक्रमण न फैलने पाये। उन्होंने कहा कि गोवंश को बीमारियों से बचाव हेतु टीकाकरण  कार्य को प्राथमिकता दी जाये और इसकी सूचना पोर्टल पर अपलोड कराई जाये। टीकाकरण में कम प्रगति वाले जनपदों के अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी। 

 

श्री धर्मपाल सिंह आज विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में निराश्रित गोवंश को गो-आश्रय स्थल तक पहुंचाने एवं वर्षा से बचाव हेतु गोशालाओं की समुचित व्यवस्था हेतु आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे।  उन्होंने कहा कि गोवंश के न्यूनतम संरक्षण वाले जनपदों में संरक्षण स्थल का प्राथमिकता से निर्माण कराया जाये। सभी गौशालाओं में वृक्षारोपण का कार्य कराया जाये। गोचर भूमि को कब्जा मुक्त कराते हुए भूमि पर गोवंश के लिए चारा उगाने का कार्य किया जाये। साथ ही कब्जामुक्त 20 हजार हेक्टेयर गोचर भूमि पर आगामी 15 अगस्त तक हरा चारा बुवाई कराये जाने के सख्त निर्देश दिये। 

 

बैठक में प्रमुख सचिव श्री रविन्द्र ने मंत्री जी को आश्वस्त किया कि मंत्री जी द्वारा दिए गये सभी दिशा-निर्देशों का पालन पूर्ण रूप से सुनिश्चित कराया जायेगा।  गौवंश के टीकाकरण का कार्य यथाशीघ्र पूरा कराने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिये गये हैं। । उन्होंने बताया कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों गोवंश के बचाव का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और पर्याप्त चारा भूसा दवाईयों आदि की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी जनपदों के अधिकारियों द्वारा वर्षाकाल के दृष्टिगत पशुधन की सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं । 

 

बैठक में पशुधन विभाग के विशेष सचिव श्री देवेन्द्र पांडे, पशुपालन विभाग के निदेशक, प्रशासन एवं विकास डॉ0 रघुनाथ सिंह, निदेशक रोग नियंत्रण प्रक्षेत्र डॉ0 पी0एन0 सिंह, अपर निदेशक डॉ0 जयकेश कुमार पाण्डेय तथा अपर निदेशक डॉ0 अरविन्द कुमार सिंह  तथा शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Comments

Back to Top