छात्र छात्राओं के 25 सदस्यीय दल ने विधानसभा की कार्यवाही को देखा।

जनपत की खबर , 217

लखनऊ। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज कानपुर के स्कॉलर मिशन स्कूल के छात्र छात्राओं के  25 सदस्यीय दल ने विधानसभा की कार्यवाही को देखा। कार्यवाही को देखने के बाद जब इस दल ने अध्यक्ष श्री सतीश महाना जी से मुलाकात की तो सबने एक स्वर में कहा "हमारी विधानसभा बहुत अच्छी है हम सबको इस पर गर्व है. यहाँ आना हम सबके लिए स्वप्न जैसा है। "  
 मुलाक़ात के दौरान इन छात्र छात्राओं   ने खूब सवाल किए।  एक  छात्र   सूर्यांश ने सवाल किया हमें आपकी तरह बड़ा नेता बनना है, इसके लिए क्या करना चाहिए। श्री महाना ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में बड़ा बनने के लिए  सीखते रहने की प्रवत्ति विकसित करनी चाहिए।  इसके लिए धैर्य की जरूरत होती है।  इस बात की भी कोशिश करनी चाहिए कि अपनी बात को मनवाने के लिए दूसरे को  कैसे राजी किया जाए। हमेशा अधिक से अधिक सुनना  चाहिए। उन्होंने कहा कि एक बार तो विधायक बना  जा सकता है लेकिन दूसरी और तीसरी बार तथा बार बार जीतने के लिए जनता का विश्वास जीतना अति आवश्यक होता है।  
छात्र  शिवांग ने सवाल किया कि  विधानसभा में क्या काम होता है। इस पर श्री महाना ने  बताया कि लोकतान्त्रिक व्यवस्था में  तीन स्तम्भ विधायिका, न्यायपालिका और कार्यपालिका  अपना अपना काम करते हैं। इसमें विधायिका का सबसे महत्वपूर्ण स्थान होता है। विधानसभा में विधेयक पारित होते हैं जिसके अंतर्गत कानून व्यवस्था से लेकर जनहित तक के विकास के काम किये जाते हैं। अध्यक्ष ने उन्हें विस्तार से इस बात की जानकारी दी कि 
सदन की कार्यवाही का संचालन कैसे किया जाता है, विधायिका में समितियों का क्या महत्व होता है और वह किस प्रकार से अपना कार्य करती हैं।  
विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना जी ने उन्हें बताया कि लोकतंत्र में जनता के प्रति सबसे बड़ी जवाबदेही एक विधायक की ही होती है।  इसलिए सदन की कार्यवाही के दौरान विधायक काफी तैयारी करके आते हैं। बजट सत्र के बारे में उन्हें बताया कि यह पूरे साल के खर्चों की योजना के लिए होता है।   
इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना तथा विद्यालय के अध्यापक अध्यापिकाएं भी उपस्थित थे।

Related Articles

Comments

Back to Top