अवैध शराब के निर्माण, बिक्री तथा तस्करी के विरुद्ध चलाये गये विशेष प्रवर्तन अभियान में दर्ज किये गये 4,588 अभियोग एवं जब्त की गयी लगभग 1.20 लाख ली. अवैध शराब
अन्य खबरे Jan 08, 2024 at 03:43 PM , 652क्रिसमस एवं नववर्ष के दृष्टिगत अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी पर
पूर्ण अंकुश लगाये जाने हेतु 21 दिसम्बर, 2023 से 04 जनवरी, 2024
तक चलाया गया विशेष प्रवर्तन अभियान
अभियान के अन्तर्गत प्रशासन, पुलिस एवं आबकारी की संयुक्त टीमें गठित कर 4,588 अभियोग एवं लगभग 1.20 लाख ली० अवैध शराब बरामद की गई
सोनभद्र, भदोही, लखनऊ एवं अलीगढ़ जनपद में भारी मात्रा में
जब्त की गयी अन्य प्रान्त की अवैध मदिरा
ड्रोन के माध्यम से ईट भट्ठों एवं नदियों के कछार क्षेत्रों में दी गयी दबिशें
लखनऊ: 08 जनवरी, 2024
उत्तर प्रदेश शासन के द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुक्रम में क्रिसमस एवं नववर्ष को देखते हुए अवैध शराब के निर्माण, तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने हेतु 21 दिसम्बर, 2023 से 04 जनवरी, 2024 तक प्रदेश स्तर पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाये जाने के निर्देश दिये गये थे। विशेष प्रवर्तन अभियान के अन्तर्गत अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी की रोकथाम हेतु राजस्व प्रशासन, पुलिस तथा आबकारी की संयुक्त टीमें गठित की गई तथा यथावश्यकता जी.एस.टी., परिवहन विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल से समन्वय स्थापित कर सहयोग लिया गया। अन्तर्राज्यीय मदिरा की तस्करी की रोकथाम हेतु पंजाब एवं हरियाणा राज्यों से आने वाली ट्रेनों को भी चिन्हित कर उन पर विशेष निगरानी रखी गई।
यह जानकारी प्रदेश के आबकारी आयुक्त, श्री सेंथिल पांडियन सी. ने देते हुए बताया गया कि अभियान में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध कुल 4,588 मुक्दमै पंजीकृत किये गये, जिसके अन्तर्गत लगभग 1.20 लाख लीटर अवैध शराब बरामद की गयी। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त 1,398 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के साथ-साथ आई.पी.सी. की सुसंगत धाराओं में कठोर कार्यवाही करायी गई। अभियान में अवैध मद्य निष्कर्षण के क्षेत्रों में अनेकों भट्ठियां मौके पर तोड़ी गई तथा अन्तर्राज्यीय अवैध मदिरा की तस्करी में संलिप्त 07 वाहन भी जब्त किये गये। इसके अतिरिक्त मदिरा के थोक अनुज्ञापनों, फुटकर दुकानों, संदिग्ध, हाइवे के किनारे स्थित संदिग्ध ढाबों, कबाड़ी की दुकानों, बन्द पड़ी फैक्ट्रियों, ईट-भट्ठों आदि की भी चेकिंग की गई।
इसके अतिरिक्त आबकारी आयुक्त द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान जनपद प्रयागराज, सोनभद्र, भदोही, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, लखनऊ, बागपत, गाजियाबाद, मथुरा एवं अलीगढ़ जनपदों में अन्तर्राज्यीय मदिरा की तस्करी के 46 मुकदमें दर्ज किये गये तथा 19,408 ली. अवैध मदिरा बरामद की गयी।
जनपद भदोही की आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा रोड चेकिंग के दौरान एक कन्टेनर से 805 पेटी इम्पीरियल ब्लू ब्राण्ड की अवैध विदेशी मदिरा बरामद की गयी। मौके पर पकड़े गये 04 अभियुक्तों से पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि यह अवैध मदिरा पंजाब से झारखण्ड ले जाई जा रही थी। पकड़े गये अभियुक्तों के विरुद्ध थाना गोपीगंज में आबकारी अधिनियम एवं आई.पी.सी. की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया।
जनपद सोनभद्र में आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्यवाही में एक ट्रक से 690 पेटी अवैध विदेशी मदिरा फार सेल इन पंजाब बरामद करते हुए 04 अभियुक्तों के विरुद्ध थाना चोपन में मुकदमा दर्ज कराया गया।
लखनऊ में आबकारी एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा एक ट्रक से पंजाब निर्मित 484 पेटी इम्पीरियल ब्लू ब्राण्ड की अवैध विदेशी मदिरा बरामद करते हुए 02 अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया गया।
जनपद मथुरा में आबकारी टीम मथुरा द्वारा थाना कोसीकलां अंतर्गत हताना कट से अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की सूचना पर वाहन चेकिंग के दौरान एक वाहन हीरो स्पलेंडर प्लस के साथ एक व्यक्ति के कब्जे से 50 पौवा और 24 हाफ अवैध देशी शराब हरियाणा मस्ताना ब्राण्ड की बरामद करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध थाना कोसीकलां में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत एक अभियोग पंजीकृत कराया गया।
अलीगढ़ जनपद में पंजाब मार्का 90 पेटी अवैध विदेशी मदिरा बरामद करते हुए 02 अभियुक्तों के विरुद्ध थाना गंगीरी, अलीगढ़ में आबकारी अधिनियम एवं आई.पी.सी. की सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कराया गया।
अवैध मद्य निष्कषर्ण की रोकथाम हेतु जनपद गोरखपुर, कुशीनगर एवं गोण्डा में ड्रोन कैमरों के माध्यम से ईट-भट्ठों तथा उसके संलग्न क्षेत्रों, नदियों के कछारों एवं मांझा क्षेत्रों में संदिग्ध स्थानों पर निगाह रखते हुए छापेमारी की कार्यवाही की गई।
अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के संबंध में जन सामान्य से सूचनायें प्राप्त करने के लिये आबकारी मुख्यालय, प्रयागराज में टोल फ्री नम्बर टोल नंबर ‘‘14405‘‘ और व्हाट्सएप नंबर 9454466019 कार्यरत है, जो 24×7 सतत क्रियाशील है। अनुज्ञापित दुकानों पर भी निर्धारित दरों पर मदिरा की बिक्री सुनिश्चित करने हेतु आबकारी की टीमें लगातार गहन चेकिंग कर रही हैं तथा मदिरा की गुणवत्ता के साथ छेड़छाड़ करने वाले तथा राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी अनुज्ञापी तथा विक्रेता को बख्शा नहीं जाएगा। उनके द्वारा यह बताया गया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, तस्करी के विरुद्ध विभाग द्वारा कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।



























Comments