कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय की उपस्थिति में 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' का भव्य कार्यक्रम हुआ आयोजित
जनपत की खबर Dec 06, 2023 at 06:24 PM , 170विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया गया लाभान्वित, प्रमाण पत्र भी दिये गये
कैबिनेट मंत्री ने दिलाई विकसित भारत की शपथ
शासकीय योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का कैबिनेट मंत्री ने किया निरीक्षण
आमजन के जीवन स्तर को बेहतर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध,
अपनी समृद्ध विरासत एवं मातृ भाषा पर करें गर्व
भारत को विकसित बनाने में सभी का सहयोग जरूरी
देश को वैश्विक स्तर पर मिल रही है नई पहचान
बिचौलिए हुए समाप्त, पात्रों को मिल रहा सीधे लाभ
महिलाओं एवं गरीबों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही योजनाएं
लखनऊ, 06 दिसम्बर, 2023 ।
माननीय मंत्री, उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग योगेन्द्र उपाध्याय की अध्यक्षता में जनपद सहारनपुर की तहसील रामपुर मनिहारान के ग्राम नन्दपुर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के अन्तर्गत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री ने माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर एवं बाबा साहेब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने सभी को विकसित भारत के संकल्प की शपथ दिलाई। इस अवसर पर एलईडी वीडियो वैन के माध्यम से सरकार की योजनाओं पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी देखा। विधायक, जिलाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय को बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर का चित्र भेंट किया। मा० कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं कागजों तक ही सीमित न रहकर पात्रों तक सीधे पंहुच रहीं है। अब योजनाओं का लाभ पात्र को सीधे मिल रहा है। सरकार की पारदर्शिता से कार्य करने की नीति से बिचौलिए समाप्त हो गये हैं। सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध है जिसका परिणाम निरन्तर देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य शासकीय योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाना है।
माननीय प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार के साथ-साथ आमजन की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प हेतु ली गयी शपथ को अपने जीवन में उतारें और गुलामी की मानसिकता से निकलकर अपनी समृद्ध विरासत एवं मातृ भाषा पर गर्व करें। उन्होंने विकसित भारत की संकल्पना को स्पष्ट करते हुए कहा कि हम विकासशील देशों से आगे बढ़कर विकसित देश की ओर बढ़ रहे हैं तथा जल, थल और नभ के साथ ही समस्त विश्व में नई पहचान स्थापित कर रहे हैं। यह कार्य 2047 तक पूर्ण होगा तब हम विश्व के विकसित देशों के समकक्ष आ सकेंगे। उन्होंने कहा कि देश बदल रहा है, प्रदेश बदल रहा है, हम चहुँओर समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने अपनी विदेश यात्राओं के अनुभवों को साझा करते हुए तार्किक रूप से बताया कि वैश्विक धरातल पर देश की स्थिति में कितना परिवर्तन हुआ है। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी की सराहना करते हुए अपने अनुभव साझा किये।
कैबिनेट मंत्री ने सरकार की योजनाओं के अन्तर्गत बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस सिलेण्डर देकर माताओं एवं बहनों को धुएं से होने वाली बीमारियों से मुक्ति दिलाई है। इसी प्रकार आवास योजना के तहत गरीबों को आवास प्रदान करने के साथ ही स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय के रूप में इज्जत घर बनवाए गये हैं। किसानों के सम्मान में किसान सम्मान निधि एवं सुरक्षा कवच के रूप में आयुष्मान कार्ड के तहत 05 लाख रूपये तक निःशुल्क इलाज कराने की सुविधा दी जा रही है। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निःशुल्क राशन वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के 05-05 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किये।
विधायक रामपुर मनिहारान ने सभी जन जनपद वासियों से अनुरोध किया कि वह शासकीय योजनाओं का लाभ उठाएं और जिन्हें योजनाओं का लाभ मिल रहा है वह अन्य लोगों को भी योजनाओं से जोड़ने का कार्य करें। प्रभारी मंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन एवं किया जा रहे कार्यों के लिए जिलाधिकारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम निरन्तर आयोजित किए जाएं एवं सरकार की योजनाओं से अधिक से अधिक पत्रों को लाभान्वित किया जाए।






























Comments