मुख्यमंत्री ने देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद की जयन्ती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की

जनपत की खबर , 180

डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे : म्ुख्यमंत्री

 

डा0 राजेन्द्र प्रसाद भारतीय संस्कृति और परम्परा के प्रबल पक्षधर थे

 

लखनऊ : 03 दिसम्बर, 2023

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां ग्लोब पार्क में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद की जयन्ती के अवसर पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया। 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में चले आजादी के आन्दोलन में उनके अनुयायी के रूप में उन्होंने पूरे देश में आन्दोलन को नेतृत्व प्रदान किया। स्वतंत्र भारत के लिए जब संविधान निर्माण का कार्य होना था, तो डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में ही भारत के संविधान निर्माण की कार्यवाही प्रारम्भ हुई और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को अपना संविधान बनाने का अवसर प्राप्त हुआ।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद देश की आजादी की लड़ाई के अग्रिम योद्धा तो थे ही, स्वतंत्र भारत की व्यवस्था कैसी होनी चाहिए, इसके लिए भी उनके द्वारा जो प्रयास प्रारम्भ किए गये थे, वे आज भी स्मरणीय हैं। तत्कालीन सरकार के विरोध के बावजूद सोमनाथ मन्दिर के पुनरोद्धार कार्यक्रम में उनका भाग लेना सदैव स्मृतियों में अंकित रहेगा।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रयागराज कुम्भ डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद के हृदय में बसता था। आज भी प्रयागराज के किले में राष्ट्रपति का सुइट है। वहां जाने पर डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद की स्मृतियां हम सबके सामने अनायास आ जाती हैं। वह भारतीय संस्कृति और परम्परा के प्रबल पक्षधर थे। वह गांधी जी के मूल्यों, आदर्शां को अपने जीवन में अंगीकार करते हुए आजीवन उन संकल्पों के साथ आगे बढ़े।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 

-------

Related Articles

Comments

Back to Top