सिंगाही में तेंदुए ने माता-पिता के सामने उठाया 7 साल का बच्चा, रात में मिला क्षत-विक्षत शव

लखीमपुर खीरी , 26

लखीमपुर खीरी। सिंगाही थाना क्षेत्र के निबौरिया गांव के पास शनिवार दोपहर गेहूं के खेत में काम कर रहे दंपती के सात वर्षीय बेटे को तेंदुआ उठा ले गया। काफी खोजबीन के बाद देर रात करीब 1 बजे घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार नयपुरवा गांव निवासी उमेद अपनी पत्नी के साथ खेत में गेहूं काट रहे थे। उनके तीन बच्चे पास में खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक तेंदुआ आया और उनके सात वर्षीय बेटे दिलशाद को उठाकर जंगल की ओर भाग गया। माता-पिता के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और बच्चे की तलाश शुरू की गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।

वन विभाग के एसडीओ मनोज तिवारी ने बताया कि तेंदुए के हमले से बच्चे की मौत हुई है। रात में ही रेंज का स्टाफ मौके पर पहुंच गया था। तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम लगा दी गई है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top