*लुधौरी में शौचालय के नाम पर वसूली करते पकड़े गए कथित ठग, ग्रामीणों ने घेरकर लौटवाए पैसे*

लखीमपुर खीरी , 64

*निघासन, लखीमपुर खीरी।* सरकारी योजना का झांसा देकर ग्रामीणों से अवैध वसूली कर रहे एक गिरोह का लुधौरी गांव में पर्दाफाश हुआ है। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कथित ठगों से वसूली गई रकम मौके पर ही वापस कराई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।  

जानकारी के अनुसार, एक महिला और दो अन्य व्यक्ति खुद को सरकारी कर्मी बताकर ग्रामीणों को शौचालय योजना का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे वसूल रहे थे। ग्रामीणों को शक होने पर जब उन्होंने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों की हेकड़ी निकल गई। ग्रामीणों के विरोध के बाद तीनों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी और वसूली गई पूरी रकम मौके पर लौटा दी।  

पैसे लौटाने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। चर्चा है कि इनमें से दो आरोपी बौधिया खुर्द के रहने वाले हैं, जबकि तीसरे की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड पंचायत सहायिका है।  

ग्रामीणों का कहना है कि लुधौरी पंचायत में यह दूसरी घटना है। इससे पहले नन्दापुरवा में भी इसी तरह की ठगी की गई थी। ग्रामीणों ने 15 मार्च को ही बीडीओ और निघासन पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।  

आरोप है कि गिरोह के सदस्य विरोध करने वालों को फर्जी मुकदमे में फंसाने और झूठी तहरीर देकर बदनाम करने की धमकी देते हैं। हाल ही में एक महिला द्वारा विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देने का मामला भी सामने आया है।  

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Comments

Back to Top