झुलसाने वाली गर्मी और लू का कहर: सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेई ने की सतर्क रहने की अपील, बच्चे-बुजुर्ग रहें सावधान

लखीमपुर खीरी , 54

लखीमपुर-खीरी, 17 अप्रैल। अप्रैल का महीना आधा बीतते ही भीषण गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। देश के कई हिस्सों के साथ लखीमपुर-खीरी में भी तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने इलाके में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। तेज धूप और लू के कारण अस्पतालों में डायरिया और हीट स्ट्रोक के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा लू की चपेट में आ रहे हैं।

प्रशासन ने जारी की सतर्कता

जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है। आमजन से अपील की गई है कि हीटवेव के दौरान जरूरी एहतियात बरतें, ताकि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और मजदूरों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेई की अपील
  
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के दिशा-निर्देशन में सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेई ने आम लोगों से अपील की है कि तेज धूप और लू के संपर्क में आने से शरीर पर गंभीर असर पड़ सकता है और हीट स्ट्रोक जैसी खतरनाक स्थिति पैदा हो सकती है। 
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, बेहोशी या शरीर का तापमान असामान्य रूप से बढ़ना जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत उसे ठंडी जगह पर ले जाएं और पानी पिलाएं। स्थिति गंभीर होने पर 108 या 102 एंबुलेंस सेवा पर तुरंत संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक को मेडिकल इमरजेंसी बताते हुए लापरवाही न बरतने की सलाह दी है।

गर्मी और लू से ऐसे करें बचाव
 
1. दिनभर पर्याप्त पानी पिएं, यात्रा के दौरान पानी साथ रखें।  
2. ओआरएस, नींबू पानी, लस्सी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें।  
3. तरबूज, खीरा और बेल जैसे ठंडक देने वाले फलों को आहार में शामिल करें।  
4. दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें।  
5. बाहर जाते समय हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और सिर को ढककर रखें।  
6. बाहर के खाद्य पदार्थों से फिलहाल दूरी बनाएं।

Related Articles

Comments

Back to Top