विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सफलता के कीर्तिमान स्थापित किये हैं।
अन्य खबरे Jun 14, 2023 at 03:50 PM , 380लखनऊ।
लखनऊ। केन्द्र की पूर्ववर्ती सरकारों में भ्रष्टाचार चरम पर था, योजनाओं का केवल पन्द्रह प्रतिशत लाभ ही पात्रों तक पहुंचता था। वर्तमान भाजपा सरकार में सभी जनकल्याणकारी योजनाओं की पूरी धनराशि पात्र लाभार्थियों के खाते में सीधे पहुंच रही है। भारत की प्रतिष्ठा पूरी दुनिया में बढ़ी है, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व में ही संभव हुआ है। ये बातें लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रेसवार्ता में कहीं।
विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने सवा सौ करोड़ लोगों के टीकाकरण किया और साथ ही दुनिया के कई देशों को टीके की आपूर्ति भी की। उस कठिन दौर में देशवासियों को खाद्यान्न वितरित कराया ताकि कोई भूखा न मरे। आज भारत दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में सामने आ रहा है। केंद्र सरकार की तरफ से लगभग 376 जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। देश में यह पहली सरकार है जिसने किसान, नौजवान, व्यापारी के साथ ही पटरी व्यवसायियों के आर्थिक उन्नयन के लिए भी योजनाएं संचालित की हैं।
विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सफलता के कीर्तिमान स्थापित किये हैं। माफियाराज जमीन्दोज है। सुरक्षा का अभूतपूर्व वातावरण बना है। यूपी के सभी जिलों में मेडिकल कालेज तैयार हो रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने के साथ ही सड़क, बिजली, पानी समेत सभी क्षेत्रों में विकास कार्य हो रहे हैं। आजादी के बाद पहली ऐसी सरकार है जो तुष्टीकरण की बजाय सबका साथ और सबका विकास का ध्येय लेकर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ उत्तर क्षेत्र की बहुसंख्यक आबादी विकास की मुख्य धारा से जुड़ रही है। फैजुल्लागंज में 45 करोड़ की लागत से नाला बनने जा रहा है। सड़कें बन रही हैं, गलियों का कायाकल्प हो रहा है। शहरी अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। सेवा, सुशासन की बदौलत भाजपा के प्रति जनविश्वास बढ़ रहा है और हम एक सबल, सशक्त व स्वाभिमानी भारत के निर्माण की दिशा में सतत कार्य करने को संकल्पबद्ध हैं। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, मण्डल अध्यक्षगण रामशरण सिंह, लवकुश त्रिवेदी, सुदर्शन कटियार, विशाल गुप्ता, राकेश पाण्डेय, पार्षद रंजीत सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।



























Comments