*यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के आयोजन स्थल पर स्थापित किये गए ज़िला प्रशासन के कैम्प कार्यालय/वाररूम में ज़िलाधिकारी द्वारा बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक*

जनपत की खबर , 218

*भव्य आयोजन के मद्देनजर सभी अधिकारी पूरी गंभीरता से करे अपने अपने कार्य- ज़िलाधिकारी*

*रेलवे स्टेशन व एयरपोर्ट पर बनाई जाएगी वेलकम डेस्क*

*पार्किंग व डायवर्जन पॉइंट्स पर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाने के दिए निर्देश*

02 फरवरी 2023 लखनऊ। 
आज यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के आयोजन स्थल पर स्थापित किये गए ज़िला प्रशासन के कैम्प कार्यालय/वाररूम में ज़िलाधिकारी श्री सूर्य पाल गंगवार द्वारा की जा रही तैयारियों के सम्बंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। 

         बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन स्थल पर 50 एकड़ में एक्ज़ीबिशन एरिया का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमे लगभग 400 से अधिक स्टाल होंगे। इवेंट एरिया में इनाग्रल हाल, फ़ोटो आप व कांफ्रेंस हाल की भी व्यवस्था की जा रही है। उक्त के साथ ही 3 डायनिंग एरिया क्रमशः गोल्ड, सिल्वर व रेड कैटेगरी के बनाए जा रहे है। ड्रोन शो के लिए 2 फ्लोर का हाफ ओपेन एरिया का निर्माण कराया जा रहा है। उक्त के साथ ही बी2बी व बी2जी एरिया में 16 रूम की व्यवस्था भी की गई है। मीडिया के लिए 2 लाउंज की व्यवस्था की गई है, जिसमे वर्किंग एरिया भी होगा। साथ ही मीडिया के लिए डायनिंग एरिया का भी निर्माण कराया जा रहा है। 

       बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन बहुत ही भव्य स्तर पर किया जा रहा है। जिसके लिए सभी अधिकारी अपने अपने कार्यो को पूरी गंभीरता के साथ करे। कार्यक्रम में 10-11 देशों के महानुभावो द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। इस लिए सभी कार्यो को समय से पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि अलग अलग पंडालों में जहां पर vip/vvip की उपस्थिति होगी वहाँ पर अपर जिलाधिकारी के स्तर के अधिकारी की ड्यूटी लगाना सुनिश्चित किया जाए। उक्त के साथ ही पार्किंग स्थलों व डायवर्जन पाइंट पर 1-1 मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाना सुनिश्चित किया जाए।

        ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया कि हेलिपैड, एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन पर भी अधिकारियों की ड्यूटी लगाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही रेलवे स्टेशन व एयरपोर्ट पर वेलकम डेस्क की स्थापना करना भी सुनिश्चित किया जाए। ज़िलाधिकारी द्वारा बैठक में कड़े निर्देश दिए गए कि ज़िला प्रशासन के कैम्प कार्यालय/वाररूम में जिन भी नोडल/अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है वह उपस्थित रहे, किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नही किया जाएगा। ज़िलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि कहीं पर भी कोई अव्यवस्था न हो इसके लिए टू डू लिस्ट/चेकलिस्ट पहले से ही बनाना सुनिश्चित किया जाए। ज़िलाधिकारी द्वारा अपर जिलाधिकारी प्रशासन को निर्देश दिए गए कि तत्काल सभी अधिकारियों के कार्यदायित्व तय करते हुए ड्यूटियों का विस्तृत आदेश आज ही जारी करना सुनिश्चित किया जाए। 

        बैठक में नगर निगम द्वारा बताया गया कि यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट व G20 सम्मेलन के दृष्टिगत सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1000 कर्मचारियों की अतिरिक्त मैनपॉवर को लगाया गया है। साथ ही सभी सफाई कर्मचारियों के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट व G20 सम्मेलन की ब्रांडिंग की यूनिफॉर्म की भी व्यवस्था की गई है। 

उक्त बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी सरोजनीनगर, उप जिलाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top