निवेशकों को आमंत्रित करने दुबई पहुंचे मंत्री प्रवासियों से मिले स्टांप तथा पंजीयन मंत्री श्री रविंद्र जायसवाल

जनपत की खबर , 389

लखनऊ : 29 जनवरी, 2023
उत्तर प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से प्रदेश के स्टांप तथा पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रविंद्र जायसवाल ने दुबई में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सहभागिता की तथा प्रवासी भारतीयों विशेषकर उत्तर प्रदेश के प्रवासियों से अधिक से अधिक निवेश की अपील की।

इंडियन काउंसलेट दुबई में उत्तर प्रदेश डायस्पोरा फोरम दुबई चैप्टर तथा इंडियन पीपुल्स फोरम की ओर से आयोजित उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम में शिरकत करते हुए प्रदेश के स्टांप तथा पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रविंद्र जायसवाल ने भारतीय प्रवासियों विशेषकर उत्तर प्रदेश के प्रवासियों की इस बात पर प्रशंसा की कि उन्होंने आज भी उत्तर प्रदेश की संस्कृति को यहां जीवंत बनाए रखा है। समारोह में उत्तर प्रदेश के प्रवासियों द्वारा उत्तर प्रदेश के लोकगीत तथा लोक नृत्य प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर कलाकारों ने बिरहा, कजरी, रामलीला आदि विभिन्न लोक कलाओं का मंचन किया।

श्री रविंद्र जायसवाल ने प्रवासियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के अनुकूल वातावरण के विषय में बताते हुए कहा कि यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा राज्य के वातावरण को उद्योगों और निवेशकों के सुगम व लाभदाई बनाया गया है। इज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश की स्थिति लगातार बेहतर हुई है। उन्होंने प्रवासी भारतीय विशेषकर उत्तर प्रदेश के प्रवासियों से अपील की कि उत्तर प्रदेश में निवेश करके वह न केवल अपने व्यवसाय को विस्तृत कर सकते हैं बल्कि अपनी मातृभूमि के प्रति अपने प्रेम को भी अभिव्यक्त कर सकते हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश को प्रगति के एक नए शिखर पर ले जाने में सहयोगी बन सकते हैं।

उन्होंने वर्ष 2027 तक उत्तर प्रदेश सरकार के प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन तक पहुंचाने के लक्ष्य के विषय में बताते हुए कहा कि प्रवासी नागरिकों के लिए यह एक बड़ा अवसर है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के प्रवासियों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अनेक प्रवासियों द्वारा उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आने का भी आश्वासन दिया गया।

Related Articles

Comments

Back to Top