आज उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की एक बैठक
जनपत की खबर Jan 12, 2023 at 08:05 PM , 591लखनऊ । आज उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की एक बैठक डा०ए०पी०जे० अब्दुल कलाम सभागार कलेक्ट्रेट लखनऊ में पिछड़े वर्ग के रैपिड सर्वे को लेकर आहूत की गयी जिसमे आयोग द्वारा गठित समिति के मा0 अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) श्री राम अवतार सिंह, एवं मा0 सदस्यगण श्री चोब सिंह वर्मा, सेवानिवृत्त आई०ए०एस०. श्री महेन्द्र कुमार, सेवानिवृत्त आई०ए०एस०. श्री संतोष कुमार विश्वकर्मा, पूर्व अपर विधि परामर्शी, श्री बृजेश कुमार सोनी, पूर्व अपर विधि परामर्शी एवं अ० जिला जज उपस्थित रहे। उक्त बैठक में ज़िलाधिकारी लखनऊ श्री सूर्य पाल गंगवार, ज़िलाधिकारी रायबरेली श्रीमती माला श्रीवास्तव, ज़िलाधिकारी उन्नाव श्रीमती अपूर्वा दुबे, ज़िलाधिकारी हरदोई श्री मंगला प्रसाद सिंह, ज़िलाधिकारी सीतापुर श्री अनुज सिंह, नगर आयुक्त लखनऊ श्री इंद्रजीत सिंह, अपर जिलाधिकारी खीरी श्री संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी रायबरेली श्री अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लखनऊ श्री बिपिन कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री हिमांशु कुमार गुप्ता सहित समस्त जनपदों के सहायक ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंच स्थानिक) व लखनऊ मण्डल के सभी 06 जनपदों की समस्त नगर पालिका परिषद एवं समस्त नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
*आयोग के पूर्ण पीठ की लखनऊ मण्डल की प्रथम* बैठक शुरू होने से पहले ज़िलाधिकारी लखनऊ द्वारा मा0 अध्यक्ष महोदय का स्वागत पुष्प गुच्छ भेंट कर के किया गया। उक्त के बाद उपस्थित समस्त ज़िलाधिकारियों द्वारा मा0 आयोग के सभी सदस्यों का स्वागत पुष्प गुच्छ भेंट कर के किया गया।
मा0 सदस्य आयोग श्री चोब सिंह वर्मा द्वारा आयोग के गठन की पृष्ठभूमि, संवैधानिक प्राविधानों पर विशद रूप से प्रकाश डालते हुए बताया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन/स्थापना नगर विकास अनुभाग-1 उत्तर प्रदेश शासन अधिसूचना संख्या-4032/9-1-2022-06 निर्वा/22 दिनांक 28 दिसम्बर 2022 द्वारा किया गया है जिसकी धारा 2 व 3 की व्यवस्था के अनुसार आयोग को स्थानीय नगरीय निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व के संदर्भ में अनुभाविक जांच एवं अध्ययन करते हुए अन्य पिछड़ा वर्ग के निकायवार एवं अनुपातिक आरक्षण के संदर्भ में समकालीन सतत्, अनुभवजन्य जांच व अध्ययन करते हुए अनुशंसा प्रस्तुति की जानी है। इस निमित्त समस्त नगर निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग की अद्यतन जनसंख्या का वास्तविक आकंलन किया जाना आवश्यक है जिसको आधार बनाकर आयोग द्वारा परीक्षण करके तथ्यात्मक निष्कर्ष निकाला जा सके, जिसके तत्क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य के समस्त जिलाधिकारियों से उनके जनपद में अन्य पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या के सम्बन्ध में सर्वे कराकर तत्सम्बन्धी अद्यतन आंकड़ें/सूचना प्राप्त करते हुए आयोग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं। अतः समस्त जिलाधिकारी अपने जनपद के नगरीय निकायों के अन्य पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या का वास्तविक सर्वेक्षण कराते हुए प्रत्येक दशा में एक माह के भीतर अन्य पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या के अद्यतन आंकड़ें/सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी लखनऊ ने बताया है कि 2011की जनगणना के आधार पर वर्ष 2017 में अन्य पिछड़ा वर्ग का रैपिड सर्वे कराया गया था, जिसके बाद अब जनपद लखनऊ के नगर निगम में 88 गांवों को जोडे़ जाने के बाद वार्डों में अन्य पिछड़ा वर्ग का रैपिड सर्वे कराया गया है। जनपद लखनऊ में एक नगर पंचायत मलिहाबाद का विस्तारीकरण तथा 02 नई नगर पंचायतें (बन्थरा व मोहनलालगंज) गठित की गयी है। इन तीनों का भी अन्य पिछड़ा वर्ग का रैपिड सर्वे कराया गया। इसके साथ ही मण्डल के अन्य जनपदों के जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों के स्थानीय निकायों के अन्य पिछड़ा वर्ग के रैपिड सर्वे, अन्य पिछड़ा वर्ग का आरक्षण एवं पिछले नगरीय निर्वाचनों में अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व के बारे में भी विस्तृत रुप से जानकारी दी गयी।
समिति द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी जनपदों में अन्य पिछड़ा वर्ग के रैपिड सर्वे का कार्य पूर्ण कराकर उसकी सूचना शीघ्र समिति को प्राप्त करायी जाय। मा0 सदस्य श्री चोब सिंह वर्मा द्वारा बताया गया कि आप के द्वारा जो भी सुझाव/डेटा उपलब्ध कराया जाएगा उसको आयोग द्वारा गंभीरता से लिया जाएगा। आप के द्वारा उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट का सत्यापन आयोग द्वारा फील्ड में जाकर भी कराया जाएगा साथ ही स्थानीय लोगो से संवाद करके सभी ज़िलाधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए सुझाव/डेटा का सत्यापन कराया जाएगा। तत्पश्चात आयोग द्वारा अपनी रिपोर्ट दी जाएगी।
अन्त में मा0 अध्यक्ष आयोग श्री राम अवतार सिंह द्वारा आयोग के गठन के उद्देश्यानुरूप कार्यवाही करते हुए वांछित विवरण समय से उपलब्ध कराने हेतु मण्डल के समस्त जिलाधिकारियों से अनुरोध करते हुए अपनी बात समाप्त की गयी
जिलाधिकारी लखनऊ द्वारा बैठक में उपस्थित मा0 आयोग के अध्यक्ष, मा0 सदस्यगण, मण्डल के सभी जनपद के जिलाधिकारियों, नगर आयुक्त लखनऊ एवं सभी मण्डल के समस्त जनपदों के नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों का आभार प्रकट करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की गयी।































Comments