मोहनलालगंज में वकील की पिटाई प्रकरण में अधिवक्ताओं द्वारा पुलिस प्रशासन का पुतला जलाने के ऐलान पर उपनिरीक्षकों पर एफआईआर दर्ज

अन्य खबरे , 345

लखनऊ। लखनऊ के मोहनलालगंज में वकील की पिटाई प्रकरण में अधिवक्ताओं ने आज प्रदर्शन कर लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस प्रशासन का पुतला जलाने का ऐलान किया है. इससे पहले पुलिस ने वकीलों के आक्रोश को देखते हुए आनन-फानन में दोनों उपनिरीक्षकों पर एफआईआर दर्ज कर ली, जबकि इतने दिनों से पुलिस अफसर इससे बच रहे थे. साथ ही अधिवक्ताओं की मांगों को लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने मान लिया है. अज्ञात 300 अधिवक्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस होगा और सड़क हादसे के दौरान दर्ज मुकदमा भी पुलिस वापस लेगी.इस प्रकरण को लेकर सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने आज न्यायिक कार्य से विरत रहने का ऐलान किया है. साथ ही अधिवक्ता आज पुलिस प्रशासन का पुतला फूंक कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे और अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे. वहीं लखनऊ बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने भी इस मामले में पुराना हाई कोर्ट चौराहे पर कमिश्नरेट पुलिस प्रशासन का पुतला दहन करने की घोषणा की है...इससे पहले इस प्रकरण में पीड़ित अधिवक्ताओं ने इंस्पेक्टर मोहनलालगंज कुलदीप दुबे समेत पांच पुलिस कर्मियों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करने की मांग को लेकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि कुमार गुप्ता की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया. अदालत ने वकीलों की अर्जी पर रिपोर्ट तलब की है. मामले की अगली सुनवाई 6 जनवरी को होगी. अर्जी अधिवक्ता अरुण कुमार ओझा और अश्वनी कुमार सिंह राठौर ने दाखिल की है. इसमें इंस्पेक्टर मोहनलालगंज कुलदीप दुबे, दारोगा राजकुमार व विजय कुमार सरोज तथा कॉन्स्टेबल रोहित कुमार व संजीव भाटी को आरोपी बनाया गया है।

Related Articles

Comments

Back to Top