*समाचार पत्र वितरक है समाज के सजग प्रहरी : डीएम*
हेडलाइंस Jan 05, 2023 at 10:55 AM , 399*डीएम ने समाचार पत्र वितरकों को बांटे कंबल, खिल उठे चेहरे*
लखीमपुर खीरी । तराई मेें लगातार बढ़ रही ठंड से समाचार वितरकों को राहत पहुंचाने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रशासन की ओर से समाचार वितरकों के लिए कंबल वितरण समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन, संयोजन एसडीएम (सदर) श्रद्धा सिंह ने किया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संजय कुमार सिंह की मौजूदगी में सभी समाचार वितरकों को कंबल वितरित किया। प्रशासन से कंबल पाकर समाचार पत्र वितरकों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि आम आदमी तक समाचार पत्रों को पहुंचाने वाले समाचार पत्र वितरक प्रशंसा के पात्र हैं। उनका काम किसी चुनौती से कम नहीं है। वितरक सच्चे अर्थ में कर्मयोगी के साथ ही समाज के भी सजग प्रहरी हैं। अखबार वितरण चुनौतीपूर्ण कार्य है। वितरक बदलते मौसम ठंडी, गर्मी व बरसात में भी हमें देश-दुनिया की खबरों से अपडेट कराने के लिए कठिन परिश्रम करते रहते हैं। वितरक सुबह होते ही बिना किसी छुट्टी के रोज अखबार पहुंचाने का जज्बा लोगों के लिए मिसाल है।
अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट के जमाने में भी अखबार लोगों तक विश्वसनीय खबरें पहुंचाने का साधन बने हैं। उन्होंने समाचार पत्र पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे समाचार पत्र वितरकों के कार्य को सराहा। समाचार पत्र वितरक अखबार रूपी इमारत के नींव के पत्थर हैं। हर परिस्थिति में लोगों के जागने से पहले रोज सुबह समाचार पत्र घरों तक पहुंचाना बेहद चुनौती भरा काम है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार मयंक बाजपेई व धर्मेश शुक्ला ने अपने सारगर्भित विचार व्यक्त करते हुए प्रशासन के इस पुनीत कार्य को सराहा। सर्दी-गर्मी और बारिश या अन्य कैसी भी कठिनाई हो वितरक रोज अपना काम पूरी लगन और मेहनत से करते हैं। रोज सुबह तीन-साढ़े तीन बजे उठ कर लोगों तक समाचार पत्र पहुंचाना काबिलेतारीफ है।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार एनके मिश्रा, उप जिलाधिकारी (सदर) श्रद्धा सिंह, तहसीलदार (सदर) सुशील प्रताप सिंह, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल राजेश शुक्ला, सौरभ राय सहित राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।



























Comments