कनिका कपूर ने कोविड -19 रोगियों के इलाज के लिए अपना प्लाज्मा दान करने की पेशकश की

जनपत की खबर , 746

लखनऊ। बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) से संपर्क कर अन्य कोविड -19 रोगियों के इलाज के लिए अपना प्लाज्मा दान करने की पेशकश की है। गायिका ने ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की प्रमुख प्रोफेसर तूलिका चंद्रा को फोन किया और मदद करने की इच्छा जताई।
प्रोफेसर चंद्रा ने कहा, “उन्होंने मुझे फोन किया और कहा कि वह वाकई में अन्य कोविड -19 रोगियों की मदद करना चाहती हैं। कुलपति प्रोफेसर एमएलबी भट्ट ने इस मामले को आगे बढ़ा दिया है और अब हम उनका परीक्षण करवाएंगे कि क्या वह प्लाज्मा देने के करने के लिए फिट हैं।”

विशेषज्ञों के अनुसार, कनिका का प्लाज्मा लेने से पहले उनके नमूने के कई परीक्षण किए जाएंगे। इसके तहत हीमोग्लोबिन का स्तर 12.5 से ऊपर होना चाहिए, वजन 50 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए और रोगी को मधुमेह, हृदय संबंधी समस्याएं, मलेरिया, सिफलिस और ऐसी अन्य बीमारियां नहीं होनी चाहिए। कनिका का नमूना संभवत: मंगलवार को लिया जाएगा और यदि सभी चीजें सही निकलीं तो वह बुधवार को अपना प्लाज्मा दान करेंगी। कनिका कपूर पिछले महीने तब सुर्खियों में आईं थीं जब कोरोनोवायरस परीक्षण पॉजिटिव आने वाली वो पहली बॉलीवुड सेलिब्रिटी बनी थीं। विदेश यात्रा से वापस आने के बाद कनिका ने शीर्ष राजनेताओं और नौकरशाहों की उपस्थिति में लखनऊ में दो पार्टियों में भाग लिया था। बाद में उन सभी का कोरोना परीक्षण किया गया था।

Related Articles

Comments

Back to Top