पिछड़ा वर्ग के हितों और अधिकारों के संरक्षण के लिए आयोग ने बनाई कार्ययोजना

अन्य खबरे , 29

**राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की मासिक बैठक सम्पन्न, ग्राम और जिला स्तर पर संगोष्ठी व जनसुनवाई आयोजित करने के निर्देश**
 
**लखनऊ, 18 नवंबर।** उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को आयोग की मासिक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल, सोहन लाल श्रीमाली सहित आयोग के सदस्यगण उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश सरकार की ओर से पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
 
बैठक में प्रदेश के समग्र विकास के साथ पिछड़े वर्गों के हितों एवं अधिकारों के संरक्षण और उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए व्यापक स्तर पर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
 
आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे ग्राम एवं जिला स्तर पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा की इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित कर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ संगोष्ठी और जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित करें। उन्होंने आयोग की ओर से किए जा रहे कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
 
### मुख्यमंत्री को आयोग की कार्ययोजना से कराया जाएगा अवगत
 
बैठक में आयोग की भावी कार्ययोजना तैयार करने और आयोग की अद्यतन स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराने के लिए उनसे मुलाकात करने पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष ने कहा कि पिछड़े वर्गों से प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निस्तारण आयोग की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों और उच्चाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
 
राजेश वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर पिछड़े वर्ग के पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। योजनाओं के क्रियान्वयन में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
 
बैठक में आयोग के सचिव मनोज कुमार सागर ने आयोग की ओर से जारी सभी निर्देशों पर प्रभावी एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Comments

Back to Top