2027 में सिर्फ हैट्रिक नहीं, रिकॉर्ड भी बनाएगी भाजपा, प्रचंड बहुमत से फिर बनेगी सरकार: योगी आदित्यनाथ
जनपत की खबर Nov 18, 2026 at 01:03 PM , 18**राइजिंग भारत समिट में मुख्यमंत्री का दावा, सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद, जातिवाद, गुंडाराज और तुष्टीकरण की राजनीति को लेकर बोला हमला**
**लखनऊ, 18 नवंबर।** मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी न केवल लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी, बल्कि प्रचंड बहुमत के साथ नया रिकॉर्ड भी कायम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की शक्ति और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर पार्टी जनता के बीच जाएगी और उसका आशीर्वाद प्राप्त करेगी।
एक निजी समाचार चैनल के 'राइजिंग भारत समिट' में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनने को लेकर किसी को संदेह नहीं होना चाहिए। प्रदेश की बदली पहचान और विकास की नई तस्वीर पर जिसे भी गौरव है, वह भाजपा सरकार को तीसरी बार अवसर देगा।
योगी आदित्यनाथ ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच वर्ष मुख्यमंत्री रहने के बाद दोबारा चुनाव जीता और फिर पांच वर्ष तक सरकार चलाई। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और 2027 में भी नया रिकॉर्ड बनाएगी।
### सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद और गुंडाराज का आरोप
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवाद, जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति ने उत्तर प्रदेश को पीछे धकेलने का काम किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के शासनकाल में कानून-व्यवस्था ध्वस्त थी। कर्फ्यू, दंगे, लूट-खसोट और अपराध प्रदेश की पहचान बन गए थे।
उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस की अराजकता, जंगलराज और गुंडाराज के कारण थाने, तहसील और जिला स्तर तक सरकारी व्यवस्था प्रभावित होती थी। भाजपा आगामी चुनाव में इन्हीं मुद्दों और अपनी सरकार के सुशासन के रिकॉर्ड को लेकर जनता के बीच जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जहां किसी परिवार के बजाय कार्यकर्ताओं के मूल्यों, सिद्धांतों और आदर्शों को महत्व दिया जाता है। करोड़ों कार्यकर्ताओं की सामूहिक शक्ति से ही प्रदेश में भयमुक्त वातावरण बनाने का लक्ष्य पूरा हुआ है।
### परिवारवाद और जातिवाद ने प्रदेश को पीछे धकेला
80-20 के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पहले भी चुनावों में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति ने प्रदेश की बेटियों को असुरक्षित किया, व्यापारियों को रंगदारी देने के लिए मजबूर किया और युवाओं की नौकरियों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय राजनीति का अपराधीकरण हो गया था। 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' की स्थिति थी और थानों पर अपराधियों का दबदबा रहता था। भर्ती आयोगों में भी मनमानी और अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में शामिल हुए बिना भी कुछ लोगों को नियुक्ति पत्र दिए जाने की स्थिति थी।
### रात दो बजे भी बेखौफ घर लौट रही हैं बेटियां
प्रदेश की कानून-व्यवस्था में बदलाव का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित एचसीएल टेक के कैंपस का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में इस कैंपस में करीब 100 लोग काम करते थे, जबकि अब यहां उत्तर प्रदेश के लगभग 18 हजार युवा कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि कैंपस में काम करने वाली युवतियां बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों से आती हैं। नाइट शिफ्ट में काम करने और रात दो बजे घर लौटने के दौरान सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर युवतियों ने बेखौफ होकर घर जाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवतियों का यह जवाब प्रदेश में बदली कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बेटियों को सुरक्षित माहौल मिल रहा है।
### निवेश और रोजगार के लिए बदली उत्तर प्रदेश की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित वातावरण के कारण उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बना है। उन्होंने एचसीएल और फॉक्सकॉन के सहयोग से प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित करने की दिशा में चल रही प्रक्रिया का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले समाजवादी पार्टी की सरकार ने इन्वेस्टर्स समिट आयोजित किया था, लेकिन निवेशक लखनऊ आने को तैयार नहीं थे। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो मुख्यमंत्री नोएडा जाने से इसलिए बचता था कि कहीं उसकी कुर्सी न चली जाए, उस राज्य में निवेश का माहौल कैसे बनता?
### दंगाइयों को सम्मान नहीं, कानून के तहत कार्रवाई होती है: योगी
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार में दंगाइयों को स्टेट प्लेन से बुलाकर मुख्यमंत्री आवास में सम्मानित किया जाता था। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता, बल्कि उनके दगापन का उपचार किया जाता है और उन्हें दाग दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब किसी को भी सड़क पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगाने या किसी बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने की छूट नहीं है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कानून-व्यवस्था, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में आया बदलाव ही उत्तर प्रदेश की नई पहचान है।






_page-0001.jpg)
























Comments