मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत युवाओं का जिला युवा सम्मेलन हुआ आयोजित

अन्य खबरे , 474

*लखनऊ 09 फरवरी 2022 (सूचना विभाग)* नेहरू युवा केंद्र लखनऊ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत युवाओं का जिला युवा सम्मेलन आयोजित किया गया । सम्मेलन के मुख्य अतिथि डी0 के0 दोहरे, जिला विकास अधिकारी लखनऊ रहे ।

अटल बिहारी बाजपेई नगर निगम डिग्री कॉलेज लखनऊ में आयोजित युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी  दोहरे ने कहा की युवाओं को अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु अपनी सोच की दिशा सकारात्मक रखनी होगी। यदि आपका दृष्टिकोण सही है तो लक्ष्य अपने आप प्राप्त होगा । उन्होंने बेटियों को सशक्त बनाने पर जोर दिया। इस हेतु जिला विकास अधिकारी ने अनेकों उदाहरण दिए।  उन्होंने कहा कि बेटियां एक कुल कि नहीं बल्कि दो कुलों की गौरव होती हैं। मतदाता जागरूकता अभियान पर चर्चा करते हुए श्री  दोहरे ने युवाओं से अपील की कि वे इस बार मत प्रतिशत बढ़ाने के साथ-साथ ऐसे ईमानदार कर्मठ व सशक्त प्रतिनिधि को चुने जो आपके समाज और प्रदेश व देश की दिशा और दशा बदल सके। उन्होंने युवाओं को भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय भीड़ का नेतृत्व करने की सलाह दी।

 इस अवसर पर  स्क्वाड्रन लीडर व मतदाता जागरूकता अभियान के ब्रांड एंबेसडर तूलिका रानी ने युवाओं को आनेक प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से उज्जवल भविष्य तय करने की सलाह दी। उन्होंने अपने जीवन के संस्मरण एवं 2012 में एवरेस्ट फतेह का उदाहरण दिया।  यूथ आईकॉन एवं राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित  दुर्गेश त्रिपाठी ने युवाओं को राष्ट्रीय हित में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया इसके लिए अनेक प्रेरक प्रसंग युवाओं के समक्ष प्रस्तुत किए।
 इस अवसर पर अटल बिहारी बाजपेई डिग्री कॉलेज के प्राध्यापक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ उपेंद्र कुमार ने भी अपने विचार रखें। इस अवसर पर 25 युवा मंडलो को खेल सामग्री किट नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से वितरित की गई ।
कार्यक्रम के पूर्व मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया गया। अतिथियों का स्वागत कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर सुभाष चंद्र पांडे ने किया तथा कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी  विकास कुमार सिंह ने दी। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने सम्मेलन में प्रतिभाग किया।

Related Articles

Comments

Back to Top