जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में चुनावी सभाओं के सम्बन्ध में राजनैतिक दलों के साथ बैठक सम्पन्न।

अन्य खबरे , 299

श्रावस्ती। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा प्रकाश की अध्यक्षता में  आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के दृष्टिगत कोविड-19 के सम्बन्ध में चुनावी सभाओं हेतु मैदानों को चिन्हित करते हुए चिन्हांकित मैदानों के सम्बन्ध में जनपद में सक्रिय समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्षों/मंत्रियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो भी राजनैतिक दल चयनित स्थल पर जनसभा एवं रैली करेंगे, उन्हें 48 घण्टे पूर्व सम्बन्धित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। अधिसूचना के जारी होने के उपरान्त अनुमति लेकर ही सभा अथवा रैली कर सकेंगे।
        बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद के विधानसभा क्षेत्र भिनगा-289 के अन्तर्गत राजनैतिक दलों को जनसभा के आयोजन हेतु स्थानों का चयन किया गया है। जिसमें जूनियर हाईस्कूल भिनगा, राजा वीरेन्द्रकांत सिंह महाविद्यालय भिनगा, पुलिस लाइन भिनगा, स्टेडियम भिनगा, विकास खण्ड हरिहरपुररानी में केन्द्रीय विद्यालय भिनगा के पश्चिमी ओर खाली स्थान एवं नागरिक इण्टर कालेज अमवा के बगल में स्थान चिन्हित किये गये है। विधानसभा क्षेत्र श्रावस्ती-290 के अन्तर्गत जगतजीत इण्टर कालेज इकौना, रामलीला मैदान इकौना, विकास खण्ड/तहसील इकौना में सीताद्वार मन्दिर टण्डवा महंथ एवं विकास खण्ड गिलौला व तहसील इकौना में मिश्रा सेवा संस्थान चेतियामुरार स्थान चिन्हित किया गया है।
         इसके अतिरिक्त जनपद में दो स्थानों पर हेलीपैड का चयन किया गया है, जिसमें विधानसभा क्षेत्र भिनगा के अन्तर्गत पुलिस लाइन का को-आर्डिनेट्स एवं विधानसभा क्षेत्र श्रावस्ती में एयर स्ट्रीप श्रावस्ती(कटरा) का को-आर्डिनेट्स का चयन किया गया है।
        बैठक में अपर जिलाधिकारी कमलेश चन्द्र, उपजिलाधिकारी क्रमशः प्रवेन्द्र कुमार, सौरभ शुक्ला, आशुतोष कुमार, महामंत्री भाजपा अनिल मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष भाजपा दिनेश प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष सपा सर्वजीत यादव, राजकुमार ओझा जिलाध्यक्ष रालोद, जिलाध्यक्ष बसपा दिनेश कुमार गौतम, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी छोटेलाल एवं वरिष्ठ सहायक इम्तियाज अहमद उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top