बकाया भुगतान की मांग को लेकर गन्ना किसानों का दूसरे दिन भी प्रदर्शन

अन्य खबरे , 344

लखनऊ। बकाया भुगतान की मांग को लेकर गन्ना किसानों का दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी रहा। डालीबाग स्थित गन्ना आयुक्त कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में किसान डटे रहे। किसानों के समर्थन में कुछ दूसरे संगठन भी सामने आए और उनके पदाधिकारियों ने धरने में शामिल होकर किसानों की आवाज बुलंद करने का भरोसा दिलाया। किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सि‍ंह के नेतृत्व में किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान किसानों ने नारेबाजी की और अधिकारियों पर आरोप लगाया कि वह सरकार को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बकाया भुगतान की मांग पूरी होने पर ही किसान यहां से हटेंगे, वरना अनिश्चितकालीन प्रदर्शन चलता रहेगा।सि‍ंह ने कहा कि वर्ष 2011 से लेकर अब तक 47 हजार गन्ना किसानों का ब्याज सहित करीब 20 हजार करोड़ रुपया बकाया है और अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। ऐसे में किसानों को मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों को बकाया भुगतान दिलाने का वादा किया था, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने कहा कि हमारी मांगें जब तक पूरी नहीं होंगी, हम यहीं पर डेरा डाले रहेंगे।किसानों के आंदोलन को समर्थन देने लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुरुक्षेत्र के पूर्व सांसद राजकुमार सैनी, लखीमपुर खीरी के पूर्व सांसद इलियास आजमी, वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के संस्थापक भरत गांधी और जनाधिकार राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक आइपी कुशवाहा गन्ना आयुक्त कार्यालय पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह उनके आंदोलन को मजबूत बनाने में पूरा सहयोग करेंगे।

 

Related Articles

Comments

Back to Top