2 बार के लॉकडाउन से मॉडलिंग का करियर हुआ तबाह तो 14वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
अन्य खबरे Jun 29, 2021 at 07:00 AM , 502ग्रेटर नोएडा।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट कोतवाली बिसरख क्षेत्र स्थित पैरामाउंट इमोशंस सोसायटी में सोमवार रात 14वीं मंजिल से कूदकर मुम्बई की एक मॉडल ने आत्महत्या कर ली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच में पता चला है कि मॉडलिंग में आगे नहीं बढ़ पाने की वजह से युवती मानसिक तनाव में चल रही थी।
कोतवाली बिसरख प्रभारी अनीता चौहान ने बताया कि दिल्ली के मयूर विहार निवासी प्रिया उर्फ भावना पैरामाउंट इमोशंस सोसायटी में अपनी बड़ी बहन प्रियंका के पास कुछ दिनों से रह रही थी। कोरोना काल से पहले वह मुंबई में मॉडलिंग करती थी। 2 बार लॉकडाउन होने की वजह से इस समय वह अपने करियर को लेकर परेशान थी। पिछले कुछ दिनों से वह ग्रेटर नोएडा वेस्ट में वो अपनी बहन के घर में रह रही थी।
सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे प्रिया ने सोसायटी की 14वीं मंज़िल पर स्थित अपनी बहन के फ्लैट D-1403 की बालकनी से अचानक छलांग लगा दी। घटना से सोसायटी में हड़कंप मच गया। गार्ड की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को नजदीक के अस्पताल में ले गई। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार को प्रिया की मां भी दिल्ली से अपनी बेटी के घर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि मृतका ने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है। घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों ने मॉडलिंग के करियर में लॉकडाउन के बाद सफलता ना मिलने पर मृतका के अवसाद में होने की जानकारी दी है। जिसके चलते उसके द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात परिजनों ने पुलिस को बताई है।



























Comments