एक परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या, लूट या रंजिश
अन्य खबरे Jun 28, 2021 at 11:05 AM , 292गाज़ियाबाद ।
गाजियाबाद ,लोनी थाना क्षेत्र के मेन बाजार में स्थित रईसुद्दीन के घर पर सोमवार तड़के बदमाशों ने धावा बोल दिया। घटना के दौरान बदमाशों ने परिवार के 4 लोगों को गोली मार दी जिसमे 3 की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में पुरानी रंजिश की आशंका भी जता रही है।
गाजियाबाद के एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि लोनी के मेन बाजार स्थित टोली मोहल्ले में रहने वाले रईसुद्दीन (70) का कपड़े का व्यवसाय है। रईसुद्दीन परिवार के साथ दुकान से कुछ दूरी पर ही रहते थे। सोमवार तड़के करीब 3 बजे बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। पुलिस को आशंका है कि लूट/ डकैती का विरोध करने पर बदमाशों ने रईसुद्दीन, उनके बेटे अज़हर उर्फ अज्जू और इमरान को गोली मार दी जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
रईसुद्दीन की पत्नी फातिमा को भी बदमाशों ने गोली मारी है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसएससी ने बताया कि पुलिस घटना की लूट के एंगल से जांच कर रही है। हालांकि मृतक के मोहल्ले और आसपास के लोग घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
*घर की एक महिला बची सुरक्षित*
लोनी थाना प्रभारी ओ पी सिंह ने बताया कि घटना के दौरान रईसुद्दीन के घर में कुल 5 सदस्य मौजूद थे। बदमाशों ने 4 सदस्यों को गोली मारी जबकि मृतक अज़हर उर्फ अज्जू की पत्नी अफ़साना को बदमाशों ने गोली नहीं मारी। पुलिस के मुताबिक अफ़साना गर्भवती है, संभवत बदमाशों ने इसलिए ही उसे गोली नहीं मारी और वह सुरक्षित बच गई ।



























Comments