कार का शीशा तोड़कर डॉलर, नकदी और लैपटॉप उड़ाया
अन्य खबरे Jun 25, 2021 at 10:06 AM , 346ग्रेटर नोएडा।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ऐस सोसायटी के बाहर खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर शातिर चोरों ने डॉलर, नकदी, लैपटॉप, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज चोरी कर लिए। इस पूरी घटना को दो आरोपियों ने 2 मिनट के भीतर अंजाम दिया है। क्योंकि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित कार स्वामी एक ऑटोमोबाइल कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। उन्होंने बिसरख थाने में इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इससे पहले भी सेक्टर-136 से भी गिरोह एक ठेकेदार की कार से इंपोर्टेड लामा-380 पिस्टल और पांच लाख रुपये चोरी कर चुका है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी में रहने वाले वैभव शर्मा एक ऑटो मोबाइल कंपनी में सेल्समैनेजर हैं। मंगलवार दोपहर वैभव लगभग साढ़े 12 बजे बैंक से आए थे और उन्होंने सोसाइटी के बाहर अपनी कार खड़ी कर दी थी। लगभग 20 मिनट बाद जब वह वापस कार के पास लौटकर आए तो उन्होंने देखा कि उनकी कार का शीशा टूटा हुआ था। चोर उनकी कार में रखा लैपटॉप बैग, पासपोर्ट, 800 डॉलर और 80 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे।
वैभव ने बताया कि वह कंपनी की ओर से लगभग दो साल पहले टूर पर विदेश में गए थे। तभी से उनके पासपोर्ट के साथ 800 डॉलर रखे थे। सूचना पर बिसरख थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की तो पता चला कि दो चोरों ने मात्र दो मिनट के अंदर ही इस बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल वैभव ने थाने में शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
बिसरख थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा



























Comments