मोदी ने राज्यों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर चेताया

हेडलाइंस , 495

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राज्यों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई मीटिंग में उन्हें कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर चेताया। उन्होंने कहा कि इसे रोकना होगा ताकि यह गांवों तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने प्रवासी मजदूरों के मसले पर कहा- हमने लोगों से कहा था कि वे जहां पर हैं, वहीं पर रुके रहें। पर लोग अपने घर जाना चाहते हैं, ये इंसानी फितरत है। इसके चलते हमें अपने फैसले बदलने पड़े, लेकिन इसके बावजूद हमें ध्यान रखना है कि संक्रमण न फैले और गांवों तक न पहुंचे।

बैठक के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्रियों से चर्चा की और उन्होंने आरोग्य सेतु ऐप के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस ऐप का डाउनलोड बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्रियों को प्रयास करने चाहिए, क्योंकि इससे संक्रमितों की पहचान में मदद मिलती है। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया मानती है कि भारत खुद को कोविड-19 से सफलतापूर्वक सुरक्षित रख पाया है, जिसमें राज्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

प्रधानमंत्री ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कहा कि आगे के रास्ते और सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर संतुलित रणनीति बनानी होगी और लागू करनी होगी। उन्होंने मुख्यमंत्रियों से आर्थिक मसलों पर राय देने को कहा। मोदी ने मुख्यमंत्रियों कहा- आज आप जो सुझाव देते हैं, उसके आधार पर हम देश की आगे की दिशा तय कर पाएंगे। प्रधानमंत्री ने दो गज दूरी बनाए रखने की बात दोहराते हुए मुख्यमंत्रियों से कहा- जहां भी हमने सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं किया, हमारी समस्याएं बढ़ गईं।

Related Articles

Comments

Back to Top