एमएलसी चुनाव के मतदान के चलते 23 अक्टूबर को लखनऊ के सभी विश्वविद्यालय और डिग्री कॉलेज रहेंगे बंद

जनपत की खबर , 12

**लखनऊ।** उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन के तहत लखनऊ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर राजधानी के सभी विश्वविद्यालयों, डिग्री कॉलेजों और उच्च शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा।
 
क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, लखनऊ की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, यह आदेश राज्य विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों, डीम्ड विश्वविद्यालयों तथा सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित उच्च शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा।
 
निर्देश का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने और संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की सुविधा प्रदान करना है।
 
क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों, महाविद्यालयों के प्राचार्यों और संबंधित संस्थानों के प्रशासनिक प्रमुखों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
 
इस आदेश के तहत 23 अक्टूबर को संबंधित उच्च शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी।

Related Articles

Comments

Back to Top