मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महानवमी और विजयादशमी की दी शुभकामनाएं, बोले— अन्याय कितना भी शक्तिशाली हो, अंततः जीत सत्य और धर्म की होती है
राष्ट्रीय Oct 19, 2026 at 09:58 AM , 17**लखनऊ।** मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महानवमी एवं विजयादशमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए माँ दुर्गा के पराक्रम और प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्यायी और अधर्मी कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है। माँ दुर्गा का पराक्रम अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देता है, जबकि प्रभु श्रीराम का जीवन आदर्शों, कर्तव्यपालन और मर्यादा का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम समरसता और सामाजिक एकात्मता के प्रतीक हैं। रामलीलाओं में समाज के सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के भाग लेते हैं। भारत ही नहीं, दुनिया के अनेक देशों की सांस्कृतिक परंपराओं में भी श्रीराम के आदर्शों का विशेष स्थान है।
## 2017 के बाद प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता और उपद्रव का माहौल था। गुंडे, माफिया और उपद्रवी सत्ता के समानांतर व्यवस्था चलाते थे। प्रदेश दंगों की आग में झुलसता था और पर्व-त्योहारों से पहले तनाव एवं उपद्रव की घटनाएं सामने आती थीं। बेटियों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित रहते थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कानून के शासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सरकार के लिए नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। माफिया और संगठित अपराध के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई है। अपराधियों के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जाने के साथ विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है।
मुख्यमंत्री की पाती में प्रयागराज के कसारी-मसारी क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुक्त कराई गई भूमि पर गरीबों के लिए आवास निर्माण तथा क्षेत्र के विकास की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई है।
## नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जोर
मुख्यमंत्री ने माँ सिद्धिदात्री के आशीर्वाद का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की नारीशक्ति अपने सामर्थ्य, संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर प्रदेश की प्रगति एवं समृद्धि में निर्णायक भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का सम्मान सर्वोपरि है। *'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः'* अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहां सुख, समृद्धि और कल्याण का वास होता है। इसी भावना के अनुरूप प्रदेश सरकार नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, बीते साढ़े नौ वर्षों में महिला सशक्तीकरण और कानून-व्यवस्था में सुधार के प्रयासों ने उत्तर प्रदेश को उपद्रव की छवि से निकालकर उत्सव प्रदेश के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
## अर्थव्यवस्था और रोजगार में प्रगति का दावा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP), प्रति व्यक्ति आय, बजट और महिला श्रम बल भागीदारी में लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है। प्रदेश लगातार राजस्व अधिशेष की स्थिति में बना हुआ है और उसे ₹50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि बड़े कारखानों की संख्या लगभग 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। निवेश के माध्यम से 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर भारत को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में है। प्रदेश की कृषि विकास दर 8 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हुई है। निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से साढ़े नौ लाख सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। वहीं, स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 24 हजार से अधिक हो गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि एमएसएमई क्षेत्र को पुनर्जीवित करने के प्रयासों से तीन करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
## 'सशक्त नारी, समृद्ध उत्तर प्रदेश' का संकल्प
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा विकास की गति तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और कानून के शासन की स्थापना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 'सशक्त नारी, समृद्ध उत्तर प्रदेश' के संकल्प के साथ प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के विजन के अनुरूप 'विकसित उत्तर प्रदेश' के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।






_page-0001.jpg)





















Comments