विशेष शिक्षकों के लिए स्पेशल टीईटी परीक्षा का विज्ञापन जारी, 3 नवंबर को होगी परीक्षा

जनपत की खबर , 15

टीईटी/सीटीईटी उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षकों को भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर, आवेदन प्रक्रिया 5 सितंबर से शुरू

लखनऊ, 09 सितंबर 2026।

उत्तर प्रदेश शासन के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने विशेष शिक्षकों के लिए आयोजित की जाने वाली विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा (Special TET) को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। शासन के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा Special TET का विज्ञापन प्रकाशित कर दिया गया है।  यह परीक्षा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों एवं विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा में निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले संबंधित विद्यालयों के शिक्षक शामिल हो सकेंगे।

अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालय, स्थानीय निकाय एवं जिन विद्यालयों को राज्य सरकार/बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा समय-समय पर मान्यता/सम्बद्धता प्रदान की गई है, राज्य सरकार से सहायता प्राप्त विद्यालय तथा विशेष एजुकेटर्स प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के शिक्षक पात्र होंगे। इसी प्रकार उच्च प्राथमिक स्तर पर बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों, स्थानीय निकाय एवं मान्यता/सम्बद्धता प्राप्त विद्यालयों, राज्य सरकार से सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा विशेष एजुकेटर्स उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के शिक्षक पात्र होंगे।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार Special TET के लिए विज्ञापन प्रकाशन की तिथि 3 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन पंजीकरण/ओटीआर एवं आवेदन प्रक्रिया 5 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर 2026, जबकि ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। परीक्षा 3 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। 

अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि ऐसे शिक्षक जिन्होंने पूर्व में TET या CTET परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, उनके लिए Special TET परीक्षा को पुनः उत्तीर्ण करना आवश्यक/अनिवार्य नहीं है। वहीं, जिन अध्यापकों ने पूर्व में TET या CTET परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है, उन्हें निर्धारित विज्ञापन के तहत पंजीकरण कर आवेदन करने और परीक्षा में भाग लेने के लिए अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।  बेसिक शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी संबंधित अध्यापकों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र शिक्षक निर्धारित समयसीमा के भीतर अपना पंजीकरण एवं आवेदन पूरा कर सकें।

Related Articles

Comments

Back to Top