आधुनिक तकनीक से सुसज्जित हुआ विधान भवन, मुख्यमंत्री योगी ने कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन
जनपत की खबर Aug 02, 2026 at 06:17 PM , 22लखनऊ, 2 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सर्वदलीय बैठक से पहले विधान भवन में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने विधान परिषद की डिजिटल लाइब्रेरी, विधान परिषद मंडप के सौंदर्यीकरण कार्य, मुख्य भवन के भूतल पर स्थित नवीनीकृत कॉरिडोर तथा विधानसभा के नवनिर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान विशेष रूप से तैयार हेलीकॉप्टर मॉडल के भीतर उत्तर प्रदेश के इतिहास, संस्कृति और धार्मिक विरासत को दर्शाने वाली प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश की आध्यात्मिक धरोहर, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी तस्वीरों को देखा तथा पॉडकास्ट स्टूडियो और सदन की आधुनिक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
विधानसभा पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, ओमप्रकाश राजभर तथा विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।































Comments