गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री योगी ने महायोगी गोरखनाथ का किया विशिष्ट पूजन, गुरु परंपरा को किया नमन

जनपत की खबर , 59

गोरखपुर, 29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में नाथपंथ की परंपरा के अनुसार शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विधि-विधान से विशिष्ट पूजन किया। इस दौरान उन्होंने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ, दादागुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ, योगिराज बाबा गंभीरनाथ सहित नाथपंथ के सभी पूज्य गुरुजनों का श्रद्धापूर्वक पूजन एवं वंदन किया।

मुख्यमंत्री योगी ने भगवान गोरखनाथ एवं गुरु परंपरा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए लोककल्याण और समाज के मार्गदर्शन की कामना की। उन्होंने सभी देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

गोरखनाथ मंदिर में प्रातःकाल से ही गुरु पूर्णिमा के विशेष धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हो गए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर परिसर में स्थापित सभी देव-विग्रहों का पूजन किया और क्रमशः बाबा गंभीरनाथ, ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ तथा ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ सहित गुरु परंपरा की समाधियों पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

नाथपंथ की परंपरा के अनुसार गुरु गोरखनाथ को रोट का महाप्रसाद भी अर्पित किया गया। पूजन-अर्चन के समापन पर मंदिर परिसर में परंपरागत सामूहिक आरती आयोजित की गई, जिसमें गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा और आस्था का भावपूर्ण प्रकटीकरण हुआ। गुरु पूर्णिमा के इस पावन आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की।

Related Articles

Comments

Back to Top