लखनऊ में भाजपा पार्षदों की नाराजगी, 36 पार्षदों ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

जनपत की खबर , 147

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अवस्थापना निधि के आवंटन को लेकर नगर निगम के भाजपा पार्षदों की नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। नगर निगम के 36 पार्षदों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मेयर सुषमा खर्कवाल पर अवस्थापना निधि के वितरण में भेदभाव का आरोप लगाया है।

पार्षदों का कहना है कि हाल ही में जारी अवस्थापना कार्यों की सूची में उनके वार्डों के लिए शून्य धनराशि आवंटित की गई है, जबकि मोहनलालगंज क्षेत्र के 22 वार्डों को लगभग 21.55 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। उनका आरोप है कि लखनऊ के 88 वार्डों की उपेक्षा की गई है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में पार्षदों ने कहा है कि सूची तैयार करने में पक्षपात किया गया है। उन्होंने प्रमुख सचिव, नगर विकास विभाग से मांग की है कि जिन वार्डों में अवस्थापना एवं 15वें वित्त आयोग की धनराशि से विकास कार्य स्वीकृत नहीं किए गए हैं, वहां शीघ्र विकास कार्य कराए जाने के निर्देश जारी किए जाएं।

पार्षदों ने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य होना आवश्यक है। वहीं, नाराज भाजपा पार्षदों ने पार्टी छोड़ने तक की चेतावनी दिए जाने की बात भी कही है।

Related Articles

Comments

Back to Top