**अलीगंज कोचिंग अग्निकांड के बाद सीएम योगी का बड़ा एक्शन, अवैध निर्माणों पर LDA से मांगा पूरा हिसाब**

जनपत की खबर , 19

 **लखनऊ।** अलीगंज कोचिंग अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की कार्रवाई रिपोर्ट तलब करते हुए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को मंगलवार शाम पांच बजे विस्तृत जानकारी के साथ बुलाया है।
 
मुख्यमंत्री ने 1 जनवरी से अब तक राजधानी के सभी सात जोनों में अवैध निर्माणों के खिलाफ जारी किए गए सील नोटिस, उन पर हुई वास्तविक कार्रवाई और किए गए ध्वस्तीकरण (बुलडोजर एक्शन) की पूरी रिपोर्ट मांगी है। माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के आधार पर अवैध निर्माणों पर आगे की बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
 
गौरतलब है कि सोमवार को लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान में भीषण आग लगने से 15 छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे के बाद सामने आया कि जिस इमारत में कोचिंग संचालित हो रही थी, वहां कई अन्य गतिविधियां भी चल रही थीं। अवैध रूप से बनी इस इमारत में कोचिंग सेंटर के अलावा पेट शॉप, क्लीनिक और एनिमेशन सेंटर भी संचालित हो रहे थे।
 
इस भीषण हादसे में कई पालतू जानवरों की भी मौत हो गई, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की जांच के लिए सोमवार को ही विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया था। मंगलवार को SIT की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी की। टीम अब हादसे के कारणों, लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रही है।
 
**अवैध निर्माणों पर अब होगी सख्त निगरानी, हादसे के बाद प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करने की कवायद तेज।**

Related Articles

Comments

Back to Top