यूपी के परिषदीय स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ा, 20 मई से 24 जून तक बंद रहेंगे विद्यालय; 25 जून से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र

जनपत की खबर , 20

लखनऊ। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को लेकर नया आदेश जारी किया है। शासन के निर्देश के अनुसार वर्ष 2026 में ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 मई से 24 जून तक रहेगा।
अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश 20 मई से 15 जून तक निर्धारित था, लेकिन स्थानीय स्तर पर विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और भीषण गर्मी को देखते हुए अवकाश अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
अब बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित विद्यालयों और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 20 मई से 24 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। इसके बाद 25 जून 2026 से विद्यालयों में पठन-पाठन कार्य प्रारंभ होगा।
आदेश में यह भी निर्देश दिया गया है कि अवकाश समाप्त होने से पहले विद्यालयों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। प्रधानाध्यापक, शिक्षक और संबंधित कर्मचारी विद्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शिक्षण सामग्री की तैयारी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे, ताकि नए सत्र की शुरुआत सुचारु रूप से हो सके।
इसके साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को विद्यालयों में शिक्षक और छात्र-छात्राएं सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेंगे। शासन ने सभी अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top