*संग्राम यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर उमडी कई सामाजिक हस्तियां*

अन्य खबरे , 26

*संग्राम यादव न केवल कुशल शिक्षाविद् थे बल्कि श्रेष्ठ समाजसेवी रहे :पूर्व विधायक राजेन्द्र यादव*


*लखनऊ/गाज़ीपुर।* अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा गाजीपुर के पूर्व प्रवक्ता, समाजवादी नेता तथा गरीब दास इंटर कॉलेज बिशनपुर पिपरही के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य रहे स्वर्गीय संग्राम यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर रविवार को उनके पैतृक गांव पिपरही में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे सैकड़ों राजनीतिक, सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन स्वर्गीय संग्राम यादव की पत्नी मिथलेश यादव के नेतृत्व में किया गया। 

कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष एवं इस्लामाबाद ग्राम प्रधान रामज्ञान सिंह यादव ने किया। कार्यक्रम में आये हुए लोगो का स्वागत स्वर्गीय संग्राम यादव की चारो पुत्री डॉ पूजा यादव , प्रीति यादव , शालू यादव ख़ुशी यादव और उनके भाई राजेश यादव तथा राजकुमार यादव ने किया इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि संग्राम यादव ने अपना पूरा जीवन समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष में समर्पित कर दिया। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय संग्राम यादव न केवल एक कुशल शिक्षाविद् और समाजसेवी थे, बल्कि समाजवादी विचारधारा के मजबूत स्तंभ भी थे। उन्होंने हमेशा गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों की आवाज को बुलंद करने का कार्य किया।

शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
सभा में पूर्व विधायक राजेंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा, प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष नागेंद्र यादव योगी, जंगीपुर विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव, विधायक प्रतिनिधि रामबरत यादव, वरिष्ठ नेता रामाधार यादव, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष दारा यादव, यादव महासभा के जिला सचिव मदन यादव, पूर्व प्रधान राजेंद्र यादव, पूर्व प्रधान भौरिक यादव, ग्राम प्रधान सोनू यादव, ग्राम प्रधान मोहन यादव, जिला पंचायत सदस्य महेश यादव, ग्राम प्रधान रमेश यादव, ग्राम प्रधान राजेश यादव तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुभाष यादव 'गुड्डू' सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव किसी आवश्यक कार्यवश जनपद से बाहर होने के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने श्रद्धांजलि संदेश भेजते हुए कहा कि स्वर्गीय संग्राम यादव ने समाज में व्याप्त दहेज प्रथा, तेरही प्रथा और नशाखोरी जैसी कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लिया था। 

यादव महासभा आज भी उनके बताए मार्ग पर चलकर इन सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि संग्राम यादव का असामयिक निधन यादव समाज ही नहीं बल्कि पूरे जिले के लिए अपूरणीय क्षति है।
वक्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके अधूरे सामाजिक संकल्पों को पूरा करने का संकल्प भी लिया। श्रद्धांजलि सभा का समापन समाज हित और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।

Related Articles

Comments

Back to Top