लखनऊ: ‘ट्रिपल S’ से बदल रहा यूपी का परिदृश्य, कानून-व्यवस्था और विकास पर विपक्ष पर बरसे मुख्यमंत्री योगी
अन्य खबरे Feb 13, 2026 at 07:55 PM , 58लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, औद्योगिक विकास, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी ढांचे में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज “ट्रस्ट, ट्रांसफॉर्मेशन और टाइमली डिलीवरी” का मॉडल बन चुका है। उन्होंने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले प्रदेश पॉलिसी पैरालिसिस का शिकार था, जबकि आज यहां पॉलिसी स्टेबिलिटी स्थापित हो चुकी है।
‘ट्रिपल S’ की गारंटी: सेफ्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार ने ट्रिपल S — सेफ्टी (सुरक्षा), स्टेबिलिटी (स्थिरता) और स्पीड (गति) — की गारंटी दी है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, प्रशासनिक स्थिरता आई है और विकास कार्यों में तेजी देखने को मिल रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां संचालित हो रही हैं, जिनमें लगभग 3 करोड़ 11 लाख लोगों को रोजगार मिला है। वर्ष 2017 से पहले महिला कार्यबल की भागीदारी 12–13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36–37 प्रतिशत हो गई है। यूपी पुलिस में आज लगभग 44 हजार महिलाएं कार्यरत हैं।
अपराध और कानून पर सरकार का रुख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में डीक्रिमिनलाइजेशन के तहत 13 राज्य अधिनियमों में संशोधन करते हुए लगभग 99 प्रतिशत आपराधिक प्रावधान समाप्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद गैंगस्टर कानून की प्रासंगिकता भी सीमित हो गई है।
माफिया और अपराध के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपराधियों को संरक्षण दिया, उन्हें अब परिणाम भी भुगतने पड़े हैं। सरकार कानून के शासन में विश्वास करती है और उसका पालन करवाना भी जानती है।
एक्सप्रेसवे और परियोजनाओं पर विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने विकास परियोजनाओं में घोटाले किए। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को पहले 15,200 करोड़ रुपये में बनाने की बात कही गई थी, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे लगभग 11 हजार करोड़ रुपये में पूरा किया। उन्होंने सवाल उठाया कि शेष धनराशि कहां जा रही थी।
इसी क्रम में उन्होंने गोमती रिवर फ्रंट और जेपीएनआइसी जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
सेमीकंडक्टर और फार्मा सेक्टर में नई पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर फैब यूनिट का शिलान्यास 21 फरवरी को प्रधानमंत्री के कर कमलों से उत्तर प्रदेश में किया जाएगा। उन्होंने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
साथ ही, उत्तर प्रदेश को फार्मा सेक्टर का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। ललितपुर में फार्मा पार्क के निर्माण को आगे बढ़ाया गया है तथा लखनऊ में फार्मा कॉन्क्लेव आयोजित कर देशभर की प्रमुख कंपनियों को आमंत्रित किया गया।
सामाजिक समरसता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में जातीय संबोधन और वैमनस्यता से बचना चाहिए। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका सम्मान सभी को करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गरीबों को बिना भेदभाव उनका अधिकार मिलना चाहिए, लेकिन जातीय विभाजन देश और समाज के हित में नहीं है।
धार्मिक आयोजनों और कानून-व्यवस्था पर टिप्पणी
मुख्यमंत्री ने बड़े धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति वाले आयोजनों में नियमों और मर्यादाओं का पालन अनिवार्य है, ताकि किसी भी प्रकार की भगदड़ या अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अंत में उन्होंने कहा कि सरकार कानून के शासन में विश्वास करती है और प्रदेश में विकास, सुरक्षा और सुशासन को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।



























Comments