लखनऊ: जिलाधिकारी विशाख जी. का सदर तहसील में औचक निरीक्षण, लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

अन्य खबरे , 63

लखनऊ। विशाख जी., जिलाधिकारी लखनऊ, ने शुक्रवार को खरगापुर स्थित सदर तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न न्यायालयों, अभिलेखागार एवं संग्रह अनुभाग का जायजा लेते हुए लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए।
न्यायालय उप जिलाधिकारी सदर का निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत न्यायालय उप जिलाधिकारी सदर से की गई। पुराने वादों में आदेश पत्रक अद्यतन न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए दैनिक आधार पर तिथि निर्धारित करने के निर्देश दिए।
आरसीएमएस पोर्टल पर धारा 24 के वादों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि दायरा दर्ज होने के बावजूद कुछ प्रकरणों में कानूनगो की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। इस पर संबंधित कानूनगो से स्पष्टीकरण जारी करने तथा अधिक लंबित प्रकरणों में विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, न्यायालयों से प्राप्त मांग पत्रों के लिए अलग-अलग प्राप्ति एवं प्रेषण रजिस्टर बनाए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि पत्रावलियों की आवाजाही का स्पष्ट रिकॉर्ड रखा जा सके।
तहसीलदार सदर न्यायालय की समीक्षा
तत्पश्चात न्यायालय तहसीलदार सदर का निरीक्षण किया गया। यहां धारा 67 के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आदेशों के अनुपालन तथा अधिरोपित जुर्माने की वसूली की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि धारा 67 के अंतर्गत लगाए गए जुर्माने की वसूली समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए।
नायब तहसीलदार न्यायालय में अनियमितता
निरीक्षण के दौरान सभी नायब तहसीलदार न्यायालयों का भी अवलोकन किया गया। नायब तहसीलदार सिटी न्यायालय में अलमारी में रखी पत्रावलियां अव्यवस्थित पाई गईं। साथ ही निस्तारित प्रकरणों की पत्रावलियां भी दाखिल दफ्तर किए बिना रखी मिलीं।
पेशकार द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण को असंतोषजनक मानते हुए न्यायालय अभिलेखों के समुचित रखरखाव न किए जाने पर संबंधित पेशकार (नायब तहसीलदार सिटी) के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
अभिलेखागार और राजस्व अनुभाग का निरीक्षण
सभागार, अभिलेखागार और राजस्व लिपिक कक्ष का भी निरीक्षण किया गया। अभिलेखागार में अभिलेख कॉम्पैक्टर में सुव्यवस्थित पाए गए।
राजस्व लिपिक से धारा 24 के आदेशों के अनुपालन की आख्या/मेड़बंदी रिपोर्ट मांगी गई। समीक्षा के दौरान गत वर्ष के आदेशों में कानूनगो स्तर पर लंबित प्रकरणों की स्थिति जानी गई तथा मेड़बंदी से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संग्रह अनुभाग में वसूली की समीक्षा
संग्रह अनुभाग के निरीक्षण में अमीनवार वसूली की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने वसूली कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य रूप से किए जाने के निर्देश दिए, ताकि राजस्व वसूली में तेजी लाई जा सके।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी ट्रांस गोमती, उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top