मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दावा: दो साल में पूर्ववर्ती सरकार के पाँच साल से अधिक काम, विधानसभा में पेश किया उपलब्धियों का दस्तावेज
अन्य खबरे Feb 05, 2026 at 08:30 PM , 84जयपुर, 05 फरवरी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई बहस का जवाब देते हुए सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों का विस्तृत दस्तावेज सदन के पटल पर रखा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने केवल दो वर्षों में पूर्ववर्ती सरकार के पाँच वर्षों की तुलना में अधिक कार्य किए हैं।
मुख्यमंत्री ने सड़क, बिजली, पानी, कृषि, महिला सशक्तिकरण, युवा कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों का तुलनात्मक ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को न केवल स्थिरता दी है, बल्कि उसे नई गति और स्पष्ट दिशा भी प्रदान की है।
खेजड़ी संरक्षण के लिए बनेगा कानून
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेजड़ी राजस्थान का कल्पवृक्ष और प्रदेश की पहचान है, जिसने रेगिस्तान को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य सरकार खेजड़ी संरक्षण के लिए विशेष कानून लाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर प्रदेश में वृक्षारोपण का महाअभियान चलाया गया, जिसके तहत दो वर्षों में 20 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। सरकार का लक्ष्य पाँच वर्षों में 50 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत बना चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, विश्वास और आत्मसम्मान का नया इतिहास रचा है। वर्ष 2014 में 11वें स्थान पर रही भारतीय अर्थव्यवस्था आज 4.18 ट्रिलियन डॉलर के साथ दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है।
राजस्व घाटे में 8 हजार करोड़ की कमी
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार से 5 लाख 79 हजार 781 करोड़ रुपये का कर्ज विरासत में मिला था। इसके बावजूद कुशल वित्तीय प्रबंधन से दो वर्षों में ही राजस्व घाटे में करीब 8 हजार करोड़ रुपये की कमी लाई गई है। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 में राज्य के वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक सुधारों की विशेष सराहना की गई है।
डबल इंजन सरकार से बढ़ा निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद प्रदेश को दो वर्षों में 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की पूंजीगत निवेश सहायता प्राप्त हुई है। वर्ष 2024-25 में 30 हजार 700 करोड़ रुपये से अधिक का पूंजीगत व्यय हुआ, जो अब तक का सबसे अधिक है।
जल, कृषि और बिजली क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियाँ
उन्होंने बताया कि रामजल सेतु परियोजना के तहत 26 हजार करोड़ रुपये के कार्य प्रारंभ हो चुके हैं तथा यमुना जल समझौते की डीपीआर अंतिम चरण में है। जल जीवन मिशन के तहत 14 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन दिए गए हैं। कृषि क्षेत्र में किसान सम्मान निधि को दो वर्षों में डेढ़ गुना किया गया है।
प्रदेश में 2 लाख से अधिक नए कृषि बिजली कनेक्शन जारी किए गए हैं और 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
रोजगार, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि दो वर्षों में 1 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं तथा 1 लाख 55 हजार भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। अपराधों में 14.13 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। महिला अपराधों और एससी-एसटी अत्याचार के मामलों में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है।
महिला, गरीब और स्वास्थ्य कल्याण
सरकार द्वारा 1 करोड़ परिवारों को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। एनएफएसए में 73 लाख से अधिक नए लाभार्थी जोड़े गए हैं। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत दो वर्षों में 7 हजार 645 करोड़ रुपये का कैशलेस उपचार प्रदान किया गया है।
औद्योगिक विकास और ऊर्जा क्षेत्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि 34 नई नीतियां लागू कर प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाया गया है। ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत हुए एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। सौर ऊर्जा क्षमता में 25 महीनों में 19 हजार 209 मेगावाट की वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी तीन वर्षों में विकास की गति को और तेज करते हुए राजस्थान को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जाएगा तथा सरकार हर वर्ष जनता के समक्ष रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेगी।



























Comments