ट्रेड डील पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर तीखा हमला: ‘ट्रंप के दावों से देश के किसान-व्यापारी चिंतित, संसद में पूरा सच बताए सरकार’
जनपत की खबर Feb 03, 2026 at 11:30 PM , 197नई दिल्ली।
कांग्रेस ने भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर मोदी सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने ट्वीट कर कहा कि जैसे सीजफायर की घोषणा पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से की गई थी, वैसे ही ट्रेड डील की जानकारी भी ट्रंप ने ही सार्वजनिक की—और यह दावा किया कि यह ‘मोदी की रिक्वेस्ट’ पर हो रही है।
कांग्रेस के अनुसार, ट्रंप ने कहा है कि भारत अमेरिका पर लगाए गए टैरिफ और नॉन-टैरिफ बैरियर को घटाकर शून्य प्रतिशत तक लाएगा। पार्टी का आरोप है कि इससे अमेरिकी उत्पादों के लिए भारतीय बाजार पूरी तरह खुल जाएगा, जिसका सीधा नुकसान देश की घरेलू इंडस्ट्री, व्यापारियों और किसानों को होगा। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि क्या सरकार ने ‘सबका साथ’ छोड़ दिया है?
कृषि क्षेत्र को लेकर भी कांग्रेस ने चिंता जताई। ट्वीट में पूछा गया कि अमेरिका के लिए कृषि बाजार खोलने पर आखिर क्या शर्तें तय हुई हैं? क्या किसानों के हितों और उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित किया गया है, या फिर उन्हें भी इस सौदे में नजरअंदाज किया गया है?
कांग्रेस ने ऊर्जा नीति पर भी सवाल खड़े किए। ट्रंप के कथन का हवाला देते हुए पार्टी ने पूछा कि क्या ट्रेड डील के तहत भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदने पर राजी हुआ है? यदि ऐसा है तो क्या सरकार ने रणनीतिक साझेदारियों में बदलाव पर सहमति दे दी है?
इसके अलावा अमेरिका से अधिक आयात की बात सामने आने पर कांग्रेस ने ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के भविष्य पर भी प्रश्नचिह्न लगाया है। पार्टी का कहना है कि यदि आयात बढ़ा तो घरेलू उत्पादन और रोजगार पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि ट्रेड डील में किन-किन बिंदुओं पर बातचीत हुई, क्या शर्तें तय हुईं और देश को क्या लाभ-हानि होगी—यह जानने का अधिकार जनता को है। पार्टी ने मांग की है कि मोदी सरकार इस पूरे मामले पर देश और संसद के सामने पारदर्शी तरीके से पूरी जानकारी साझा करे।































Comments