‘कर्तव्य, विकास और समावेशी भारत’ का बजट: सीएम योगी बोले—आम बजट 2026-27 से यूपी बनेगा लॉजिस्टिक व टूरिज्म हब
जनपत की खबर Feb 02, 2026 at 01:15 PM , 111लखनऊ। केंद्रीय बजट 2026-27 के संदर्भ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया को संबोधित करते हुए इसे विजनरी, राष्ट्रबोध और कर्तव्यबोध से प्रेरित बजट बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश का पहला बजट है जो कर्तव्य भवन से बनकर सामने आया है, जो हर नागरिक को उसके मूल कर्तव्यों की याद दिलाता है।
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में योजनाएं कागज से निकलकर धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हुई हैं। इसका ही परिणाम है कि 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलकर आत्मगौरव के साथ देश की प्रगति में सहभागी बने हैं और भारत आज दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में किसान, युवा, महिला और गरीब वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया है। एमएसएमई सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान रोजगार और उद्यमिता को नई गति देगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब नीति स्पष्ट और नीयत साफ होती है, तो परिणाम भी सकारात्मक और दूरगामी होते हैं।
सीएम योगी ने बताया कि 12.20 लाख करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर फंड से देश में कनेक्टिविटी और विकास को मजबूती मिलेगी। बजट में घोषित सात नए रेलवे कॉरिडोर में से दिल्ली–वाराणसी और वाराणसी–सिलीगुड़ी कॉरिडोर उत्तर प्रदेश को मिले हैं, जिससे प्रदेश की रेल व्यवस्था और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर यूपी से होकर गुजरते हैं, जिसके चलते प्रदेश में देश का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक हब विकसित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अयोध्या से हल्दिया तक जलमार्ग (वाटर वे) के उपयोग को बढ़ावा देने से व्यापार और परिवहन को नया आयाम मिलेगा। साथ ही, पैकेजिंग और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा।
पर्यटन को लेकर सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज नए टूरिज्म हब के रूप में उभर रहा है। प्रयागराज, काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, विंध्यवासिनी धाम और बौद्ध परिपथ इसके उदाहरण हैं। श्रद्धालुओं की संख्या अब लाखों से बढ़कर करोड़ों में पहुंच चुकी है।
उन्होंने बताया कि बजट में 15 आर्कियोलॉजिकल साइट्स के विकास का प्रावधान किया गया है, जिनमें सारनाथ (वाराणसी) और हस्तिनापुर (मेरठ) शामिल हैं, जिससे पर्यटन को और गति मिलेगी।
माघ मेले की सफलता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रयागराज में श्रद्धालुओं की संख्या ने नए रिकॉर्ड बनाए—
पौष पूर्णिमा पर लगभग 1 करोड़,
मकर संक्रांति पर 2.5 करोड़,
मौनी अमावस्या पर 4.5 करोड़,
बसंत पंचमी पर 3.5 करोड़ और
माघी पूर्णिमा पर 2.10 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आम बजट 2026-27 रिफॉर्म, ग्रोथ और फिस्कल डिसिप्लिन का सशक्त उदाहरण है, जो युवा शक्ति संचालित, गरीब-वंचित केंद्रित और समावेशी विकास के साथ भारत को नए शिखर पर ले जाने वाला बजट है।































Comments