क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद में प्रशिक्षण कार्यशाला व उत्कृष्ट कार्मिक सम्मान समारोह आयोजित

जनपत की खबर , 136

गाजियाबाद। विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यालय अपने क्षेत्राधिकार में स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके), गाजियाबाद तथा विभिन्न जनपदों में संचालित 11 डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों (पीओपीएसके) के माध्यम से नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी सुविधाएं प्रदान कर रहा है।
इसी क्रम में कार्मिकों की दक्षता बढ़ाने और सेवाओं को और अधिक सरल व सुगम बनाने के उद्देश्य से दिनांक 31 जनवरी 2026 को क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद में एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला एवं उत्कृष्ट कार्मिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश परिमंडल के मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल श्री प्रणव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों के रूप में निदेशक, डाक विभाग गाजियाबाद श्री अभिषेक सिंह, वरिष्ठ अधीक्षक डाक विभाग गाजियाबाद श्री विशाल पाठक तथा वरिष्ठ अधीक्षक डाक विभाग नोएडा श्री भूर सिंह उपस्थित रहे। टीसीएस की ओर से श्रीमती सारिका वर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
अपने संबोधन में मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल श्री प्रणव कुमार ने कहा कि डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र नागरिकों के लिए एक सुलभ और भरोसेमंद विकल्प के रूप में स्थापित हुए हैं। डाक विभाग के सहयोग से उत्तर प्रदेश सहित देशभर में पासपोर्ट सेवाओं का प्रभावी विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान उत्तर प्रदेश के डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों में 2 लाख से अधिक पासपोर्ट आवेदनों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद के अंतर्गत मेरठ एवं नोएडा स्थित डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के विस्तार का कार्य प्रगति पर है। इसके पूर्ण होने के बाद प्रतिदिन स्वीकार किए जाने वाले पासपोर्ट आवेदनों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे नागरिकों को और अधिक सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सम्मान समारोह में डाक विभाग एवं टीसीएस के उन कार्मिकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्ष 2025 के दौरान पासपोर्ट सेवाओं के त्वरित, प्रभावी एवं उत्कृष्ट निष्पादन में सराहनीय योगदान दिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी श्री अनुज स्वरूप ने कहा कि पासपोर्ट सेवाओं के सुचारु संचालन में डाक विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को उनके निकट ही सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल सहित डाक विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा जताई।

Related Articles

Comments

Back to Top