केंद्रीय बजट 2026-27 से यूपी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: सुरेश कुमार खन्ना
जनपत की खबर Feb 01, 2026 at 03:54 PM , 153लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के समग्र, संतुलित और तेज विकास को नई दिशा देने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट में पूंजीगत व्यय में की गई वृद्धि से उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, औद्योगिक कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स हब, रेलवे तथा शहरी आधारभूत ढांचे के विकास को गति मिलेगी, जिससे निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।
श्री खन्ना ने कहा कि औद्योगिक प्रोत्साहन और एमएसएमई के लिए समर्थन से प्रदेश के छोटे एवं मध्यम उद्योग सशक्त होंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने डिजिटल नॉलेज ग्रिड की स्थापना की घोषणा को युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 15 ऐतिहासिक शहरों के विकास, 10 हजार टूरिस्ट गाइड तैयार करने, एआई हब की स्थापना तथा इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर पर 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश के निर्णयों का उन्होंने स्वागत किया।
कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए बजट में 20 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान से खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स वाले शहरों को राहत मिलने की उम्मीद जताई। साथ ही दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, जलमार्ग परियोजनाओं और रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय से देश की कनेक्टिविटी, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी, जिससे वाराणसी जैसे ऐतिहासिक शहरों का और विकास होगा।
वित्त मंत्री ने एम्स की तर्ज पर आयुर्वेदिक अस्पतालों की स्थापना, बुजुर्गों के लिए 1.5 लाख केयरगिवर तैयार करने और जिलों में महिला हॉस्टल बनाए जाने के फैसलों के लिए प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि बजट में कैंसर, शुगर सहित सात गंभीर बीमारियों की दवाओं को सस्ता किया गया है, साथ ही लेदर और खेलकूद से जुड़े उत्पाद भी सस्ते होंगे।
महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना से गांवों के सशक्तिकरण, कृषि एवं ग्रामीण विकास पर केंद्रित प्रावधानों से किसानों की आय बढ़ने, सिंचाई सुविधाओं के सुदृढ़ होने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की बात भी उन्होंने कही।
श्री खन्ना ने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार योजनाओं से प्रदेश की युवा शक्ति को देश के विकास में निर्णायक भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण से जुड़े प्रावधानों से गरीब, महिला, बुजुर्ग और वंचित वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।
अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को मजबूत आधार प्रदान करेगा।































Comments