अलीनगर सुनहरा विद्यालय में शारदा संगोष्ठी व वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग
जनपत की खबर Jan 31, 2026 at 10:05 PM , 83लखनऊ। नगर क्षेत्र जोन-एक अंतर्गत स्थित विद्यालय अलीनगर सुनहरा में प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में शारदा संगोष्ठी एवं वार्षिकोत्सव का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने विद्यालय को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसे प्रधानाध्यापक राकेश पाण्डेय ने विधिवत संपन्न कराया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष श्रीमती पप्पी, उपाध्यक्ष संजू राजपूत, किशन सहित विद्यालय से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम में डीएलएड प्रशिक्षु आफरीन, साएबा, तमन्ना, सुनैना के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे। बच्चों ने मंच से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, मीना मंच की प्रेरक प्रस्तुतियां, वाद-विवाद प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और उन्हें तालियों की गूंज से भर दिया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राकेश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि
“शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे सांस्कृतिक और बौद्धिक कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों का विकास होता है। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल पढ़ाना ही नहीं, बल्कि उन्हें एक अच्छा नागरिक बनाना भी है।”
उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग बनाए रखने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी बच्चों को कापी, पेंसिल और पेन देकर प्रधानाध्यापक द्वारा पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी बच्चों को नमकीन एवं बिस्किट के पैकेट वितरित किए गए। हर्ष और उल्लास के बीच कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।



































Comments