*पिपराघाट रेलवे क्रासिंग पर बनेगा आर0ओ0बी0, दिलकुशा रोड का होगा चौड़ीकरण*
अन्य खबरे Jan 31, 2026 at 09:35 PM , 118*ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट के तृतीय चरण के अंतर्गत पिपराघाट से शहीद पथ के बीच शुरू हुआ काम*
- *एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने किया स्थल निरीक्षण, बारिश से पहले पूरा होगा लैंड फिलिंग का कार्य*
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने पिपराघाट से शहीद पथ के बीच ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट के तृतीय चरण का काम शुरू कर दिया है। लगभग 05 किलोमीटर लंबे इस स्ट्रेच में कॉरिडोर बनने से कैंट से अयोध्या रोड व कानपुर रोड की ओर जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। यह सफर चंद मिनटों में ही तय हो जाएगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को इस पूरे रूट का निरीक्षण करके कार्य की प्रगति देखी। इस दौरान उन्होंने पिपराघाट के पास रेलवे क्रासिंग पर वी0आई0पी0 स्पर (आर0ओ0बी0) बनाने और दिलकुशा रोड का चौड़ीकरण कराने के निर्देश दिये।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि छावनी बोर्ड से एन0ओ0सी0 लेकर रेलवे क्रासिंग पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। यह आर0ओ0बी0 लगभग 240 मीटर लंबा व 12 मीटर चौड़ा होगा। इसके अलावा दिलकुशा से ग्रीन कॉरिडोर को कनेक्ट करने वाली सड़क वर्तमान में 09 मीटर चौड़ी है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि भविष्य में ग्रीन कॉरिडोर संचालित होने पर उक्त सड़क पर भी ट्रैफिक का काफी लोड आएगा। इसे ध्यान में रखते हुए इस सड़क के चौड़ीकरण का कार्य भी साथ ही साथ करा लिया जाए। इसके बाद उन्होंने पिपराघाट से जी-20 रोड तक बनने वाले 4-लेन पुल की साइट का निरीक्षण किया। पुल के निर्माण के लिए टेंडर के माध्यम से एजेंसी का चयन हो गया है। उपाध्यक्ष ने एक सप्ताह के अंदर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिये।
*बारिश से पहले पूरा करें लैंड फिलिंग का काम*
पिपराघाट से आर्मी लैंड के नाले तक 2.8 किलोमीटर लंबा 4-लेन बंधा बनाया जाना है। वहीं, आर्मी लैंड नाले से शहीद पथ के मध्य 2.5 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच मेें बंधे का निर्माण होना है। उपाध्यक्ष ने इस पूरे रूट का निरीक्षण किया, जहां मौके पर अर्थ फिलिंग (मिट्टी की भरायी) का काम होते पाया गया। उन्होंने निर्देश दिये कि बरसात से पहले लैंड फिलिंग का समस्त कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। मुख्य अभियंता ने अवगत कराया कि बंधे के किनारे सुरक्षा एवं मजबूती के दृष्टिगत स्टोन पिचिंग का कार्य कराया जाएगा।
*काश्तकारों को वेलनेस सिटी में दी जाएगी जमीन*
इकाना क्रिकेट स्टेडियम से किसान पथ के मध्य प्रस्तावित ग्रीन कॉरिडोर के एलाइनमेंट का भी निरीक्षण किया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने निर्देश दिये कि बंधे व ब्रिज के निर्माण के लिए जिन काश्तकारों की जमीन जाएगी, उन्हें लैंड पूलिंग नीति के तहत वेलनेस सिटी में निःशुल्क भूमि दी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिये कि मौके पर साइट ऑफिस बनाया जाए, जहां अर्जन अनुभाग के अधिकारी नियमित रूप से बैठकर काश्तकारों से वार्ता करके अर्जन सम्बंधी प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित कराएं। इस मौके पर संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता अजीत सिंह एवं मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व अभियंता गण उपस्थित रहे।



























Comments